#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

भिवाड़ी खुशखेड़ा में अवैध पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: 7 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत, 4 गंभीर घायल , कांग्रेस नेता इमरान के गंभीर आरोप…

भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह कपड़ा उद्योग जोन में स्थित एक फैक्ट्री में भीषण धमाके के बाद आग लग गई। हादसे में फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे करीब एक दर्जन मजदूरों में से सात लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिस फैक्ट्री में हादसा हुआ, वहां अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम गुपचुप तरीके से किया जा रहा था। फैक्ट्री का गेट हमेशा बाहर से ताला लगाकर रखा जाता था। घटना के समय मजदूर अंदर काम कर रहे थे, जिससे वे बाहर नहीं निकल पाए और आग की चपेट में आ गए।

हादसे के बाद राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को तीन-तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही सभी फैक्ट्रियों की जांच कराने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूर बिहार के मोतिहारी और चंपारण जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शवों को टपूकड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद डीएनए जांच के जरिए पहचान कर शव सौंपे जाएंगे।

घटना के बाद तिजारा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे इमरान खान टपूकड़ा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। इमरान खान ने कहा कि जब इलाके में अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री चल रही थी, तब प्रशासन और जनप्रतिनिधि आंख मूंदे बैठे रहे। हादसे के बाद जागने का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित मुआवजे को भी नाकाफी बताया।

हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर वन मंत्री संजय शर्मा और तिजारा विधायक महंत बालक नाथ योगी पहुंचे। अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई। वन मंत्री ने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

इस हादसे ने औद्योगिक क्षेत्र में चल रही अवैध गतिविधियों और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद जिम्मेदारों पर कब और कैसी कार्रवाई होती है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *