भिवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हरियाणा से लाई जा रही अवैध शराब की खेप पकड़ी, तीन तस्कर गिरफ्तार; एरिया डोमिनेशन में 26 बदमाश भी दबोचे
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा से अवैध रूप से शराब लाकर राजस्थान में बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने उनके कब्जे से लाखों रुपये की हरियाणा मार्का शराब और एक टोयोटा एटियॉस कार जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश उर्फ बिच्छु पुत्र शिवचरण राजपूत निवासी राठीवास (नूंह मेवात, हरियाणा), सोहनपाल पुत्र मामचंद राजपूत और नेतराम उर्फ निट्टू पुत्र उदमीराम राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
इसी अभियान के तहत भिवाड़ी थाना पुलिस ने एरिया डोमिनेशन कार्रवाई करते हुए 26 बदमाशों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें वांछित, एनडीपीएस और आबकारी मामलों में फरार आरोपी शामिल हैं।
एसपी प्रशांत किरण ने कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।