#राज्य-शहर

भीलवाड़ा CI लोकपाल सिंह की इलाज के दौरान मौत, सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने से हुए थे घायल

भीलवाड़ा सदर थाना प्रभारी सीआई लोकपाल सिंह की बुधवार को उदयपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार देर शाम वह अपने निजी क्वार्टर में सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। उन्हें तत्काल भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उदयपुर रेफर किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि गोली कैसे लगी।

निजी आवास पर लहूलुहान मिले थे CI

भीलवाड़ा शहर के सदर थाना प्रभारी लोकपाल सिंह मंगलवार देर शाम नेहरू विहार कॉलोनी स्थित अपने निजी आवास पर गंभीर हालत में मिले थे। उनके सिर में गोली लगी हुई थी और वह खून से लथपथ थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर भीलवाड़ा एसपी सागर राणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल सीआई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

सिर में लगी थी गोली, हालत थी गंभीर

महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों ने सीआई लोकपाल सिंह का प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल प्रभारी डॉ. अरुण गौड़ ने बताया कि गोली सिर में लगी थी और स्थिति बेहद गंभीर थी। न्यूरो सर्जन की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया। इसके बाद उन्हें उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस महकमे में शोक की लहर

सीआई लोकपाल सिंह की मौत की खबर सामने आते ही भीलवाड़ा पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। भीलवाड़ा एसपी सागर राणा ने बताया कि मंगलवार शाम सीआई अपने निजी आवास पर घायल अवस्था में मिले थे। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उदयपुर भेजा गया था। उनके साथ भीलवाड़ा सिटी डीएसपी सज्जन सिंह भी गए थे। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा पुलिस परिवार उनके परिवार के साथ खड़ा है।

गोली लगने के कारणों की जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सीआई लोकपाल सिंह को गोली किस परिस्थिति में लगी। क्या यह दुर्घटना थी या कोई अन्य कारण, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

अजमेर जिले के रहने वाले थे लोकपाल सिंह

37 वर्षीय लोकपाल सिंह मूल रूप से अजमेर जिले की भिनाय पंचायत समिति के नानसी गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में उनका परिवार ब्यावर जिले के बिजयनगर कस्बे में रहता है। पुलिस सेवा में रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। उनके निधन से पुलिस विभाग और परिचितों में शोक का माहौल है।

इसे भी पढ़ें – भोजनशाला में काम करने वाला युवक बना कारोबारी, सांवलिया सेठ को चढ़ाया चांदी का सोलर पैनल

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *