Barmer Crime News: जमीन विवाद में पिता की हत्या, बेटे समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
राजस्थान के बाड़मेर जिले में जमीन विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। सदर थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक संपत्ति और जैसलमेर में खरीदे गए मुरबा को लेकर चल रहे विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
जमीन बेचकर छोटे बेटे के नाम मुरबा खरीदने से था विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक ने अपनी जमीन बेचकर जैसलमेर में एक मुरबा खरीदा था, जिसे छोटे बेटे के नाम करने की बात से बड़ा बेटा नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने जमीन विवाद को वारदात की वजह बताया है।
रात में घर के बाहर सो रहे पिता पर हमला
एफआईआर के मुताबिक, 8 जुलाई की रात करीब 11:45 बजे मृतक रावताराम घर के बाहर सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी धारदार हथियार और लाठियां लेकर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल रावताराम को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बड़े बेटे ने लगाए थे छोटे भाई पर आरोप
घटना के बाद मृतक के बड़े बेटे ने अपने छोटे भाई और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया था। परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
बाड़मेर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए रेखाराम, दिलीप और किशन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य लोगों तथा घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद और पारिवारिक रंजिश प्रमुख कारण के रूप में सामने आए हैं। मामले में जुटाए गए साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें –Jodhpur Crime News: जमीन विवाद में एयरफोर्स जवान पर कुल्हाड़ी से हमला, हाथ टूटा, 7 आरोपियों पर केस