#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर में दिनदहाड़े युवक से लूट और अपहरण का प्रयास, मारपीट का CCTV सामने

अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े एक युवक के साथ अपहरण के प्रयास, लूट और मारपीट की गंभीर वारदात सामने आई है। पीड़ित पक्ष ने आठ नामजद आरोपियों सहित 5-7 अन्य युवकों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

शिकायत के अनुसार, परसादी नगर खुदनपुरी निवासी रितिक वर्मा सुबह करीब 10:30 बजे अपनी स्कूटी से दिल्ली रोड स्थित एसबीआई बैंक में 1.50 लाख रुपए जमा कराने जा रहा था। इसी दौरान चक्रधारी मंदिर के पास एक थार और कई मोटरसाइकिलों पर सवार आरोपियों ने उसकी स्कूटी को टक्कर मारकर रोक लिया।

आरोप है कि आरोपियों ने रितिक को घेरकर सड़क पर गिरा दिया और थार से कुचलने का प्रयास किया। इसके बाद रिवॉल्वर दिखाकर जबरन गाड़ी में बैठाया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान 1.50 लाख रुपए नकद और करीब 15 ग्राम सोने की चेन लूट ली गई। विरोध करने पर रिवॉल्वर की बट से सिर पर वार किया गया और लाठी-सरियों से बेरहमी से पीटा गया।

घटना के दौरान वहां पहुंचे उसके ममेरे भाई अभिषेक जोनवाल ने लोगों की मदद से उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल रितिक को सामान्य चिकित्सालय, अलवर में भर्ती कराया गया है। घटना में उसका आईफोन-15 और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।

शिकायत में अमित, विशाल, मन्नू पुत्र ज्ञानचंद (निवासी खुदनपुरी), दिनेश, यश (निवासी टीटोडा मोहल्ला), सुमित (निवासी नई बस्ती), भूपेंद्र उर्फ भूष्पी और चंद्रप्रकाश उर्फ चीकू सहित अन्य को आरोपी बताया गया है।

परिजनों के अनुसार आरोपियों से पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि 28 जुलाई को भी रितिक को जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई थी।

इधर, सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कुछ युवक एक युवक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है ।

इसे भी पढ़ें – अलवर में हाईराइज सोसायटी में पहली मेगा मॉक ड्रिल, प्रशासन ने परखी आपदा तैयारियां

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *