अलवर: शराब ठेके पर युवक से मारपीट, पैसे न लौटाने पर बढ़ा विवाद, वीडियो वायरल…
अलवर। कोतवाली थाना क्षेत्र के भगत सिंह चौराहे के पास स्थित एक शराब ठेके पर मंगलवार रात मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि शराब ठेके के सेल्समेन ने एक युवक से पैसे तो ले लिए, लेकिन न तो शराब दी और न ही पैसे लौटाए। विरोध करने पर युवक पर लात-घूसों और डंडों से हमला कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
शराब के पैसे देने के बाद हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, एक निजी कम्पनी में कार्यरत महेंद्र सिंह मंगलवार रात करीब 8 बजे शराब खरीदने भगत सिंह सर्किल स्थित ठेके पर गया था। वहां सेल्समेन ने शराब देने के नाम पर उससे पैसे लिए, लेकिन जब महेंद्र ने बताया कि वह मारवाड़ क्षेत्र का रहने वाला है, तो सेल्समेन ने अचानक शराब देने से इनकार कर दिया।
सेल्समेन ने बुलाए साथी, की पिटाई
बताया जा रहा है कि जब महेंद्र ने पैसे वापस मांगे, तो सेल्समेन ने अपने पांच-छह साथियों को बुलाकर उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को लात-घूसों और डंडों से पीटा। घायल महेंद्र को उसके साथियों ने पास के अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद कमरे पर पहुंचाया।
पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
जोधपुर निवासी कम्पनी के अधिकारी महावीर चौधरी ने बताया कि उनका कर्मचारी महेंद्र इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से पूरे मामले की शिकायत की है। कोतवाली पुलिस ने घटना के वीडियो और मौके की जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक पर किए जा रहे हमले के दृश्य स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने वीडियो को सबूत के रूप में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।