#एजुकेशन #देश दुनिया #लाइफस्टाइल

अध्यापक भर्ती परीक्षा आज से शुरू, अलवर में 69,910 अभ्यर्थी होंगे शामिल…

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से आयोजित प्राथमिक विद्यालय अध्यापक (सामान्य/संस्कृत शिक्षा) भर्ती–2025 की परीक्षा आज 17 जनवरी से शुरू हो गई है, जो 20 जनवरी तक चलेगी। परीक्षा के लिए अलवर जिले में कुल 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 22 राजकीय विद्यालय और 44 निजी शिक्षण संस्थान शामिल हैं।

परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो पारियों में किया जा रहा है। पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। पहले दिन केवल लेवल-प्रथम की परीक्षा एक ही पारी में आयोजित की गई, जिसमें 18,336 अभ्यर्थी शामिल हुए।

दूसरे दिन दोनों पारियों में परीक्षा होगी, जिसमें कुल 34,405 अभ्यर्थी भाग लेंगे। तीसरे दिन 15,107 और चौथे दिन 2,062 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रत्येक दिन अलग-अलग विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए 11 सतर्कता दल गठित किए गए हैं। नकल रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है तथा पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।

आज सुबह आठ बजे आर्य कन्या और एसएमडी स्कूल परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। परीक्षार्थियों को गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा नियमों के तहत महिलाओं को चूड़ियां, मंगलसूत्र, शॉल और चुन्नी पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *