2012 की सफाई कर्मचारी भर्ती पर बड़ी राहत, मंत्री संजय शर्मा ने 14 दिन में नियुक्ति का दिया आश्वासन…
अलवर में वर्ष 2012 की सफाई कर्मचारी भर्ती में 329 पदों पर लंबित नियुक्तियों को लेकर रविवार को सफाई कर्मचारी और वाल्मिकी समाज के लोग वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के निवास पर पहुंचे। इस दौरान मंत्री संजय शर्मा ने सोमवार को मुलाकात का समय दिया।
सोमवार को मंत्री संजय शर्मा ने मौके पर ही नगर निगम आयुक्त को बुलाकर सफाई कर्मचारी भर्ती से जुड़ा पूरा मामला विस्तार से समझा। चर्चा के बाद मंत्री ने 14 दिनों के भीतर सभी लंबित नियुक्तियों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
वाल्मिकी समाज के प्रतिनिधि नरेश लोहार ने बताया कि वर्ष 2012 से 329 सफाई कर्मचारियों की भर्ती लंबित थी। इसे लेकर समाज की ओर से कई बार प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी।
मंत्री संजय शर्मा के आश्वासन के बाद समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। मुलाकात के बाद सफाई कर्मचारी और वाल्मिकी समाज के लोग मंत्री के समर्थन में नारे लगाते हुए प्रसन्नता के साथ अपने घर लौटे।
इस दौरान वन राज्य मंत्री संजय शर्मा से कई अन्य लोग भी अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनका मंत्री ने मौके पर ही समाधान किया।