#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर पुलिस की फुर्ती से टूटा बदमाश का दुस्साहस: पेट्रोल पंप फायरिंग का आरोपी एक घंटे में गिरफ्तार

अलवर शहर में शनिवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का पुलिस ने बेहद तत्परता और मुस्तैदी के साथ खुलासा कर दिया। सदर थाना क्षेत्र के बुर्जा बाईपास स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर सेल्समैन को गोली मारकर फरार हुए बदमाश को पुलिस ने चंद घंटों में ही नाकेबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई से जहां आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है, वहीं अलवर पुलिस की कार्यशैली की चारों ओर सराहना हो रही है।

घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे की है, जब सिकंदरा मेगा हाईवे स्थित पेट्रोल पंप पर एक नकाबपोश युवक पेट्रोल भरवाने आया। पेट्रोल भरवाने के बाद उसने अचानक सेल्समैन पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया। गोली सेल्समैन के कंधे के पास लगी, जिसे तत्काल सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही अलवर पुलिस तुरंत हरकत में आई। सदर थाना पुलिस, मालाखेड़ा थाना पुलिस, सीओ सिटी अंगद शर्मा और एएसपी दीपक शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और पूरे शहर में सघन नाकेबंदी कर दी। इसी मुस्तैदी का परिणाम रहा कि वैशाली नगर थाना क्षेत्र में हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक को डिटेन कर लिया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कठूमर क्षेत्र से चोरी की बाइक लेकर अलवर पहुंचा था और उसी बाइक का इस्तेमाल वारदात में किया। पुलिस आरोपी से देशी कट्टे और वारदात के अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।

अलवर दौरे पर मौजूद रेंज आईजी राहुल प्रकाश और एसपी सुधीर चौधरी ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही तत्काल नाकेबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई अलवर पुलिस की सजगता, त्वरित निर्णय क्षमता और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का स्पष्ट उदाहरण है।

यह भी पढ़ें –अलवर में पेट्रोल पंप पर सनसनी, पैसे मांगने पर सेल्समैन को मारी गोली, CCTV में कैद हुई वारदात

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *