दिल्ली धमाके के बाद अलवर में हाई अलर्ट, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी…
अलवर।
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में हुए धमाके के बाद राजस्थान में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। इसी के तहत अलवर जिले में भी पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देश पर सभी थाना प्रभारी, डीएसपी और एएसपी स्तर के अधिकारी लगातार शहर में गश्त कर रहे हैं। अभय कमांड सेंटर के माध्यम से शहर के मुख्य स्थानों और चौराहों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। कैमरे खंगाले जा रहे हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
एएसपी शरण कांबले ने बताया कि पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के अनुसार अलवर शहर के सभी भीड़भाड़ वाले इलाकों, रेलवे स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। रेलवे पुलिस फोर्स (RPF) द्वारा यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है। शहर में जगह-जगह नाकाबंदी और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।