अलवर में मोबाइल लूट का खुलासा: कोतवाली थाना पुलिस ने दो शातिर बदमाश दबोचे, लूटा हुआ मोबाइल बरामद…
अलवर कोतवाली थाना पुलिस ने मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
कोतवाली थाना के सहायक उपनिरीक्षक इलियास खान के अनुसार, परिवादी जुगल किशोर निवासी विवेकानंद नगर ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि वह फूड डिलीवरी का काम करता है। उसकी स्कूटी के लोकेशन हैंडल पर मोबाइल लगा हुआ था। बीती रात वह नंगली सर्किल से होकर महावीर ढाबे पर खाना लेने जा रहा था।
इसी दौरान मन्नी का बड़ के पास पीछे से तेज रफ्तार में बाइक पर आए दो लड़कों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और मनु मार्ग की तरफ भाग निकले। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें बदमाशों की पहचान की गई। इसके आधार पर पुलिस ने
वसीम अकरम निवासी साठ फुट रोड
कृष्ण गवरिया निवासी सुभाष नगर को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में लिप्त रहे हैं। पुलिस उन्हें आज न्यायालय में पेश करेगी।