अलवर में शराब ठेके के बाहर झगड़ा, युवक पर बोतल व धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर
अलवर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन पुलिया के नीचे बने शराब ठेके पर तीन युवकों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान दो युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक रविंद्र के सिर पर कांच की बोतल से वार किया गया और गले पर पेपर काटने वाले धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमले के बाद रविंद्र मौके पर ही लहूलुहान होकर अचेत हो गया। सूचना मिलने पर परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल रविंद्र के भाई नरेंद्र ने बताया कि उसका भाई शराब खरीदने के लिए पुलिया के नीचे स्थित ठेके पर गया था। वहां उसका दीपू और पिल्लू नाम के युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने रविंद्र के सिर पर कांच की बोतल से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर से काफी खून बहने लगा और वह बेहोश हो गया।