अलवर केंद्रीय जेल में दूध-छाछ लेने के दौरान भिड़े दो गुट, कैरेट-कुर्सियों से मारपीट; क्रॉस मुकदमे दर्ज
अलवर केंद्रीय कारागृह में मंगलवार सुबह दूध-छाछ लेने के दौरान बंदियों के दो गुटों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। बंदियों ने एक-दूसरे पर दूध की खाली कैरेट, कुर्सियों और डंडों से हमला करने के आरोप लगाए हैं। घटना में कई बंदियों के चोटिल होने की बात सामने आई है। झगड़े के बाद दोनों पक्षों ने अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं। कोतवाली थाना पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर क्रॉस मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुख्य बातें
- अलवर जेल में दूध-छाछ लेने के दौरान भिड़े बंदियों के दो गुट, जमकर मारपीट
- जेल कैंटीन में कैरेट-कुर्सियों और डंडों से हमला, दोनों पक्षों ने दर्ज कराए मुकदमे
- दूध-छाछ की लाइन में शुरू हुआ विवाद, जेल में बंदियों के दो गुटों में मारपीट
ALWAR,11 NOV. 2026:
जेल कैंटीन पर दूध-छाछ लेने के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे बंदी धर्मेंद्र सिंह दूध-छाछ लेने के लिए जेल कैंटीन पहुंचा था। उसकी रिपोर्ट के मुताबिक, इसी दौरान बंदी पवन पुत्र रामनिवास, सतवीर पुत्र नत्थूराम, अमित पुत्र सुनील, अनिल पुत्र बनवारी और सुक्कन उर्फ शंकराराम ने पीछे से उस पर हमला कर दिया।धर्मेंद्र ने आरोप लगाया कि बंदियों ने दूध-छाछ की खाली कैरेट से उसके साथ मारपीट की। उसे बचाने के लिए बंदी सत्यप्रकाश, जयंत और चेतन बीच में आए। आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। बाद में जेल प्रशासन ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया कुर्सियों और डंडों से हमला करने का आरोप
दूसरी रिपोर्ट बंदी पवन गुर्जर, अमित कुमार और अनिल की ओर से दी गई है। इसमें बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच वे दूध-छाछ लेने के लिए कैंटीन की लाइन में पहुंचे थे। इसी दौरान वहां विवाद हो गया।दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि बंदी धर्मा, पवन, सचिन, काली, राहुल, दीपक, प्रवीण, मुन्ना, जयंत, सत्यप्रकाश, बाबूलाल और गौरव सहित अन्य बंदियों ने उन पर हमला किया। शिकायत के अनुसार, मारपीट में कुर्सियों, दूध की कैरेट और डंडों का इस्तेमाल किया गया।
पवन, अमित और अनिल को चोट लगने का दावा
दूसरे पक्ष की रिपोर्ट में चोटों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायत के मुताबिक, पवन के सिर और हाथ में चोट आई। अमित के सिर और हाथ में चोट लगने का आरोप है। वहीं, अनिल के हाथ में चोट बताई गई है।परिवादियों ने आरोप लगाया कि उन पर जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। हालांकि, दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस मुकदमे दर्ज
घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायतें जेल प्रशासन के माध्यम से कोतवाली थाना पुलिस तक पहुंचीं। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर अलग-अलग क्रॉस मुकदमे दर्ज किए हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जेल कैंटीन पर विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और मारपीट में किसकी क्या भूमिका रही, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।
पुलिस का पक्ष
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





