अलवर में 8 फरवरी को होगी इंटरनेशनल टाइगर मैराथन, सिटी पैलेस में 7 जनवरी को होगी औपचारिक घोषणा
अलवर में 8 फरवरी को आयोजित होने वाली इंटरनेशनल टाइगर मैराथन की तैयारियाँ जोर–शोर से चल रही हैं। आयोजन की तैयारियों में अलवर सांसद खेल उत्सव टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है। इसी क्रम में 7 जनवरी को शाम 4 बजे सिटी पैलेस में मैराथन की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव, राजस्थान के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा तथा मैराथन के ब्रांड एम्बेसडर अभिनेता रणदीप हुड्डा उपस्थित रहेंगे।
घोषणा से पहले रविवार को एसोसिएशन फॉर इंटरनेशनल मैराथन सर्विसेज के तकनीकी निदेशक और मोरक्को निवासी रशीद बेन मोजियन तथा दुबई से अंतरराष्ट्रीय एलीट कोऑर्डिनेटर विजय शुक्ला सिटी पैलेस पहुंचे। दोनों विशेषज्ञों ने कार्यक्रम स्थल और रूट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान वी शक्ति संस्था से प्रज्ञा यादव, मैराथन संयोजक अरुण जैन और सह–संयोजक गगनदीप सिंह भी मौजूद रहे।