#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

मनरेगा के नाम व नियमों में बदलाव के विरोध में कांग्रेस का धरना, अलवर नगर निगम के बाहर चला “मनरेगा बचाओ संग्राम”….

अलवर। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलने और नियमों में किए जा रहे बदलावों के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को अलवर नगर निगम के बाहर शांतिपूर्ण धरना दिया। निगम गेट के पास टेंट लगाकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरने पर बैठे।

धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में “मनरेगा बचाओ” लिखी तख्तियां ले रखी थीं और “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम” भजन के माध्यम से शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया गया।

धरना स्थल पर मौजूद कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने केंद्र सरकार पर मनरेगा योजना को धीरे-धीरे समाप्त करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह योजना कांग्रेस सरकार द्वारा महात्मा गांधी के नाम पर शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य गरीबों और बेरोजगारों को रोजगार की गारंटी देना था। अब योजना का नाम बदलकर और नियमों में बदलाव कर इसे कमजोर किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी।

प्रकाश गंगावत ने कहा कि यह आंदोलन केवल धरने तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में नई रणनीति के तहत पंचायत स्तर पर और गांव-गांव चौपाल लगाकर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में जॉब कार्ड धारकों को भी जोड़ा जाएगा और जनता को बताया जाएगा कि मनरेगा योजना ने किस तरह लाखों बेरोजगारों को रोजगार की गारंटी दी है।

कांग्रेस ने इस आंदोलन को “मनरेगा बचाओ संग्राम” नाम दिया है और चेतावनी दी है कि जब तक केंद्र सरकार अपने फैसले वापस नहीं लेती, तब तक यह विरोध आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *