अलवर: घर में लकड़ियों के बीच मिला 10 फुट लंबा घोड़ा पछाड़ सांप, रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा
अलवर के धोली धूप जटियाना गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक घर के अंदर लकड़ियों के बीच करीब 8 से 10 फुट लंबा घोड़ा पछाड़ सांप दिखाई दिया। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक चूल्हा जलाने के लिए लकड़ियां लेने गया था, तभी अचानक सांप बाहर निकल आया और आक्रामक होकर उसकी ओर बढ़ने लगा।
घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद सांप को काबू में किया। इस दौरान सांप बेहद आक्रामक हो गया और टीम के सदस्यों पर भी हमला करने की कोशिश करने लगा। हालांकि, टीम ने सतर्कता बरतते हुए सुरक्षित तरीके से सांप को पकड़ लिया।
बाद में रेस्क्यू टीम ने सांप को जंगल में छोड़ दिया, जिससे गांव वालों ने राहत की सांस ली।