#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

अलवर में एडीजी विशाल बंसल का वार्षिक निरीक्षण, पुलिस परेड देखी, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए सख्त निर्देश

अलवर एडीजी विशाल बंसल मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर अलवर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अलवर पुलिस लाइन में आयोजित परेड का निरीक्षण किया। परेड में एसएचओ परेड, हथियारों का प्रदर्शन, क्राइम सीन क्रिएशन के जरिए तफ्तीश की प्रक्रिया तथा एफएसएल टीम द्वारा की जाने वाली जांच का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया।

परेड निरीक्षण के बाद एडीजी विशाल बंसल ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, पुलिसिंग से जुड़ी चुनौतियों, उनके समाधान, संसाधनों की उपलब्धता और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

मीडिया से बातचीत में एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि यह अलवर जिले का वार्षिक निरीक्षण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान एसपी सुधीर चौधरी के नेतृत्व में अलवर पुलिस द्वारा की जा रही सख्त और सतत कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। विशेष रूप से साइबर अपराध और गोकशी की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।

एडीजी ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से युवाओं के अपराध की ओर बढ़ते रुझान पर भी प्रभावी अंकुश लगा है। उन्होंने अलवर पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध के खिलाफ सख्ती लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।

एडीजी के दौरे से पुलिस अधिकारियों और जवानों में उत्साह देखा गया है, वहीं जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सक्रियता और अधिक मजबूत हुई है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *