#देश दुनिया #राज्य-शहर

अपर जिला कलक्टर शहर ने जिला स्तरीय टास्क फोर्स बैठक में महिला सशक्तिकरण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

अलवर, 14 जनवरी। अपर जिला कलक्टर (शहर) बीना महावर ने आज कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित कर बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, जिला महिला समाधान समिति एवं वन स्टॉप सेंटर के संचालन सहित महिला अधिकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहन लाल सोनी भी उपस्थित रहे।

अपर जिला कलक्टर शहर ने निर्देश दिए कि महिला सशक्तिकरण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने लाडो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, पालनहार योजना सहित अन्य योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए पात्र महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जेंडर संवेदनशीलता, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, पोक्सो एक्ट के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्रों में प्राप्त परिवादों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डिप्टी सीएमएचओ को जिले में जन्म के समय लिंगानुपात (एसआरबी) में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। वहीं, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को समस्त विद्यालयों में क्रियाशील शौचालय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक को महिलाओं एवं प्रवर्तन एजेंसियों को जेंडर से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने के लिए कार्यशालाओं के आयोजन के निर्देश दिए गए।

उन्होंने वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर दर्ज मामलों की वस्तुस्थिति का फीडबैक लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न अधिनियम (पीओएसएच) के तहत सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में समितियों का गठन कर सी-बॉक्स पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहन लाल सोनी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पोक्सो एक्ट के तहत पीड़ित प्रतिकर योजना, निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी सलाह के लिए हेल्पडेस्क तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

बैठक में महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक ऋषिराज सिंघल, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महेश बैरवा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेश गुप्ता, पीएमओ डॉ. सुनील चौहान, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक लक्ष्मण सिंह सहित समस्त सीडीपीओ एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *