#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

ट्रेन में ऊपरी बर्थ से बैग गिरने पर युवती बेहोश, मरूधर एक्सप्रेस 14 मिनट खेड़ली स्टेशन पर रुकी

बुधवार रात जोधपुर–वाराणसी मरूधर एक्सप्रेस को खेड़ली रेलवे स्टेशन पर करीब 14 मिनट तक रुकना पड़ा। कारण था—ट्रेन में सफर कर रही एक युवती का अचानक बेहोश हो जाना।

जानकारी के अनुसार प्रीति नाम की युवती अपने पिता राजेश के साथ बांदीकुई जंक्शन से गोरखपुर जाने के लिए मरूधर एक्सप्रेस में सवार हुई थी। ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण ऊपर की बर्थ से एक भारी बैग अचानक नीचे गिरा और युवती के सिर पर लग गया। चोट लगते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ी।

ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना दी। कंट्रोल से अलर्ट मिलने पर खेड़ली स्टेशन पर आरपीएफ चौकी प्रभारी मुलचंद मीणा अपनी टीम के साथ ट्रेन में पहुंचे और बेहोश युवती को तलाश कर उतारा। वहीं पहले से तैयार खड़ी 108 एंबुलेंस की मदद से युवती को उसके पिता के साथ खेड़ली उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में देर रात तक युवती बेहोश रही। उसके पिता राजेश कुमार ने बताया कि वे बेटी को लेकर मेहंदीपुर बालाजी दर्शन के लिए आए थे, जिसके बाद यह हादसा ट्रेन में हो गया।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *