#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

दो साल के मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत….

खेड़ली (अलवर) में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बाईपास रोड स्थित एक कॉलोनी में बिना नंबर और बिना ब्रेक के चल रहे ट्रैक्टर ने दो साल के मासूम डेविड कोली को कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक बालक डेविड को उसके पिता सुरेन्द्र कुमार कोली गली में साइकिल चलाना सिखा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट गली में घुस गया।

बच्चे के पिता सुरेन्द्र कुमार कोली ने ट्रैक्टर को रोकने का पूरा प्रयास किया, लेकिन ब्रेक न होने के कारण ट्रैक्टर सीधे बच्चे पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि डेविड को बचाया नहीं जा सका।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम

परिजन घायल बच्चे को तुरंत खेड़ली उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की पहले ही मौत हो चुकी थी।
दिल को झकझोर देने वाली बात यह है कि 5 नवंबर को ही डेविड ने अपना दूसरा जन्मदिन मनाया था।

पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त किया, चालक हिरासत में

सूचना मिलते ही खेड़ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।

मासूम का शव खेड़ली उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिवार शोक में डूबा हुआ है। बच्चे के पिता सुरेन्द्र कुमार कोली की आर्थिक स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है, जो टूटे-फूटे मकान में जिंदगी गुजार रहे हैं।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *