गोविंदगढ़ में रेलवे भूमि पर रखे ईंधन में भीषण आग, समय रहते पाया काबू
गोविंदगढ़ कस्बे के रेलवे स्टेशन रोड पर रविवार सुबह करीब 10:30 बजे अचानक ईंधन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बड़ा रूप ले लिया और वहां रखा सरसों की लकड़ी व तूड़ी जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार गोविंदगढ़-जालूकी मार्ग के समीप रेलवे की जमीन पर लोगों द्वारा सरसों की लकड़ी और तूड़ी का ढेर लगाया हुआ था। सुबह अचानक लोगों ने वहां आग की लपटें उठती देखीं, जिसके बाद आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी गई।
ग्रामीणों ने तत्काल अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में टैंकर मंगवाकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। गनीमत रही कि आग आसपास रखे अन्य ईंधन तक नहीं पहुंची, अन्यथा यह रेलवे स्टेशन के क्वार्टर तक फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।