अलवर यूआईटी की बड़ी कार्रवाई: दिवाकरी के पास 30 बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त…
अलवर में शहरी सुधार न्यास (यूआईटी) ने शुक्रवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए दिवाकरी के निकट साकेत नगर योजना से सटी ट्रक यूनियन की करीब 25 से 30 बीघा जमीन पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान चार जेसीबी मशीनों की मदद से बनाई गई दीवारों को गिराया गया तथा ग्रेवल सड़क को भी उखाड़ दिया गया।
यूआईटी के अतिक्रमण निरोधक अधिकारी मानवेंद्र जायसवाल ने बताया कि दिवाकरी क्षेत्र में चंद्रमोली मोटर्स के पीछे स्थित बड़ी जमीन पर बिना अनुमति अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी। मौके पर करीब 25 से 30 बीघा क्षेत्र में ग्रेवल रोड डाली गई थी और कई प्लॉटों की बाउंड्री भी कर दी गई थी, जिसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इसी स्थान पर यूआईटी द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मानवेंद्र जायसवाल, जेईएन दौलत, अमीचंद, रोहित सहित यूआईटी की टीम पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर मौजूद रही।