भीलवाड़ा में फैक्ट्री प्रदूषण के खिलाफ उबाल: दो युवक बॉयलर पर चढ़े, आत्मदाह की धमकी
भीलवाड़ा में क्वालिटी सूटिंग प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री से निकल रहे जहरीले धुएं के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को उफान पर आ गया। लगातार बढ़ते प्रदूषण से परेशान दो युवक फैक्ट्री के बॉयलर पर चढ़ गए और आत्मदाह की चेतावनी दे डाली। इससे मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।
ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। भीड़ ने फैक्ट्री संचालक के पुतले को जूतों से पीटकर अपना विरोध दर्ज कराया।
लोगों का आरोप है कि प्रदूषण नियंत्रण मंडल भी फैक्ट्री से मिलीभगत कर रहा है, इसलिए वर्षों से उठाई जा रही शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
ग्रामीणों ने बताया कि वे इससे पहले भी कई बार विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही हमीरगढ़ तहसीलदार, हमीरगढ़ और मंगरोप थानाधिकारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और हालात संभालने का प्रयास किया।
ग्रामीण अब फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं पर तत्काल रोक और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।