IND vs RSA 1st T20I: भारत के बल्लेबाज़ मेहमान टीम से आगे, जानिए किन 5 खिलाड़ियों ने जड़े सबसे ज्यादा छक्के
नई दिल्ली:
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच मंगलवार से शुरू हो रही पांच मैचों की टी20 सीरीज़ से पहले फैंस में जबरदस्त उत्साह है। दोनों टीमें अब तक टी20 फॉर्मेट में 31 मुकाबले खेल चुकी हैं, जिनमें भारत का पलड़ा भारी रहा है। इन मैचों के दौरान कई बल्लेबाज़ों ने बड़े-बड़े रिकॉर्ड बनाए, खासतौर पर छक्कों के मामले में। आइए जानते हैं भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 मैचों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज़ों के बारे में।
- डेविड मिलर (साउथ अफ्रीका)
डेविड मिलर ने भारत के खिलाफ साल 2011 से 2024 के बीच 25 टी20 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने करीब 35 की औसत से 524 रन बनाए। मिलर के बल्ले से 35 छक्के और 29 चौके निकले हैं। भारत के खिलाफ उनके नाम 1 शतक और 2 अर्धशतक भी दर्ज हैं।
- हेनरिच क्लासेन (साउथ अफ्रीका)
क्लासेन ने भारत के खिलाफ 2018 से 2024 के बीच 14 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने 25 छक्कों की मदद से 342 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 26 से ज्यादा रहा और उन्होंने 3 अर्धशतक भी जड़े।
- सूर्यकुमार यादव (भारत)
भारतीय टी20 टीम के विस्फोटक बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 11 मुकाबलों में 24 छक्कों के साथ 372 रन बनाए हैं। उनका औसत 41 से ज्यादा रहा है। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक भी लगाए हैं।
- तिलक वर्मा (भारत)
तिलक वर्मा ने अब तक साउथ अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ 6 टी20 मैच खेले हैं, लेकिन उनका छक्का रिकॉर्ड बेहद शानदार है। उन्होंने इन मैचों में 21 छक्कों की मदद से 309 रन बनाए हैं। इन छह मुकाबलों में उनका औसत 77 से ज्यादा रहा है और वह 2 बार शतक भी लगा चुके हैं, जिसमें एक 120 रन की नाबाद पारी शामिल है।
- संजू सैमसन (भारत)
संजू सैमसन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अब तक 4 टी20 मैच खेले हैं। उन्होंने 19 छक्कों और 13 चौकों की मदद से 216 रन बनाए हैं। उनका औसत 72 का रहा है और वह इस टीम के खिलाफ 2 शतकीय पारियां खेल चुके हैं।
भारत का पलड़ा छक्कों में भी भारी
इन आंकड़ों से साफ है कि छक्कों के मामले में भारतीय बल्लेबाज़ साउथ अफ्रीका पर भारी पड़ते नजर आ रहे हैं। सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी मौजूदा सीरीज़ में एक बार फिर बड़ा धमाका कर सकते हैं।
फैंस को होगी चौकों-छक्कों की बारिश की उम्मीद
जब भारत और साउथ अफ्रीका जैसी आक्रामक टीमें आमने-सामने होती हैं, तो फैंस को रोमांचक मुकाबलों की पूरी उम्मीद रहती है। 9 दिसंबर से शुरू हो रही इस टी20 सीरीज़ में भी रनों की बारिश और लंबे-लंबे छक्के देखने को मिल सकते हैं।