अलवर शिशु अस्पताल में लाइन के दौरान पर्स चोरी, CCTV में चोर की करतूत कैद
अलवर के शिशु अस्पताल में इलाज कराने आए एक व्यक्ति की जेब से पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है, जिसमें एक युवक पीड़ित की जेब से पर्स निकलता दिखाई दे रहा है।
पीड़ित साहुन खान, निवासी घासोली, अपने 9 वर्षीय बेटे सरफराज—जिसका जयपुर में हृदय रोग का उपचार चल रहा है उसे सुबह करीब 11 बजे इंजेक्शन लगवाने अस्पताल पहुंचे थे। पर्ची कटवाने के बाद वे इंजेक्शन की लाइन में खड़े थे। इसी दौरान दो युवक, जिनमें एक सफेद शर्ट पहने हुए था, उनके बिल्कुल पास आकर खड़े हो गए।
इंजेक्शन लगने के बाद जब साहुन खान ने जेब चेक की, तो पर्स गायब मिला। पर्स में करीब 7 हजार रुपये, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। उन्होंने तुरंत अस्पताल स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों को सूचित किया। इसके बाद एक डॉक्टर ने उन्हें CCTV फुटेज दिखाया, जिसमें सफेद शर्ट वाला युवक पर्स चोरी करते हुए साफ नजर आया।
पीड़ित ने अस्पताल चौकी में शिकायत दर्ज कराई, जहां से उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली थाने भेजा गया है। पर्स में रखे आवश्यक दस्तावेजों के खो जाने से पीड़ित खासा परेशान है।