अनूपगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बैंक में जाली नोट जमा करवाने वाले दो वांछित आरोपी गिरफ्तार…
अनूपगढ़।
थाना अनूपगढ़ पुलिस ने जाली नोट बैंक में जमा करवाने के मामले का खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी 500 रुपये के नोटों की मशीन से स्कैनिंग कर नकली नोट तैयार करते थे और उन्हें बैंक की कैश रीसाइक्लिंग मशीन (सीआरएम) में जमा करवाकर लाभ उठाने का प्रयास कर रहे थे।
यह मामला 7 अक्टूबर 2025 को सामने आया था, जब किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मनदीप कौर नाम की खाता धारक के खाते में नकली नोट जमा करने की कोशिश हुई। तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाई।
पुलिस ने आरोपी परमजीत सिंह (33) निवासी 22 एमडी घड़साना और आरोपीया मनदीप कौर उर्फ सुखप्रीत कौर (42) निवासी 12एच मौहला केसरीसिंहपुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे स्कैन कर 500 रुपये के नकली नोट तैयार करते थे।
4 अक्टूबर 2025 को उन्होंने 14 जाली नोट मनदीप कौर के खाते में सीआरएम मशीन से जमा करवाए थे। इससे पहले वे घड़साना में 50 हजार रुपये के नकली नोट जमा कर मौद्रिक लाभ ले चुके थे।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व ही अनूपगढ़ पुलिस ने 44 हजार रुपये के नकली नोटों सहित दो अन्य आरोपियों को भी काबू किया था। अब पुलिस दोनों ताजा गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की तहकीकात में जुटी है।