अलवर के सरकारी स्कूल में बड़ी चोरी: बोर्ड कक्ष का ताला तोड़ 85 हजार रुपये और अहम दस्तावेज लेकर फरार चोर
अलवर में कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित भगत सिंह चौराहे के पास स्थित राजकीय नवीन उच्च माध्यमिक विद्यालय में चोरी की वारदात ने स्कूल प्रशासन को हिला दिया। सोमवार सुबह चौकीदार ने सूचना दी कि बोर्ड कक्ष का ताला टूटा हुआ है। जानकारी मिलते ही बोर्ड प्रभारी महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और देखा कि कक्ष में रखी पांचों अलमारियाँ खुली पड़ी थीं। इनमें से एक अलमारी, जिसमें करीब 85,000 रुपये रखे थे, उसका ताला टूटा मिला और नकदी गायब थी। परीक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बिखरे हुए थे।
स्कूल के प्रार्थना स्थल का चैनल गेट मुड़ा हुआ मिला, जिससे साफ है कि चोरों ने यहां से अंदर प्रवेश किया। शौचालय में वाश बेसिन का नल तोड़ने का प्रयास भी किया गया। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि चोर टंकी के सहारे छत पर चढ़कर अंदर पहुंचे और CCTV कैमरों का एंगल बदल दिया, ताकि उनकी पहचान कैप्चर न हो सके।
विद्यालय के प्रिंसिपल राजेश मुखीजा ने बताया कि अलमारी और कमरे की स्थिति देखने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि नकदी के साथ कुछ दस्तावेज भी गायब हैं और CCTV से छेड़छाड़ यह साबित करती है कि वारदात पूरी प्लानिंग के साथ की गई है।
विद्यालय प्रशासन ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, मौके की स्थिति और आसपास की गतिविधियों के आधार पर जांच कर रही है।