एएसपी शरण कांबले का अनोखा निरीक्षण…
अलवर में रविवार शाम उस समय पुलिस महकमे में हलचल मच गई, जब एडिशनल एसपी शरण कांबले शहर में साइकिल से ही निरीक्षण पर निकल पड़े। जैसे ही वे किसी थाने या चौकी पर पहुँचे, स्टाफ तुरंत सतर्क मुद्रा में दिखा। उनकी यह पहल पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक और शहरवासियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
एएसपी कांबले ने कहा कि “स्वस्थ शरीर और तेज फील्ड वर्क के लिए साइकिल चलाना बेहद फायदेमंद है।” उन्होंने रविवार का फायदा उठाकर सुबह से शहर के कई संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों का साइकिल से दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था, पुलिस गश्त और जनसुविधाओं की स्थिति का करीब से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी कांबले ने आम लोगों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद ही मजबूत कानून व्यवस्था की कुंजी है।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और डिप्टी एसपी को भी निर्देश दिए कि वे सप्ताह में कम से कम कुछ दिन साइकिल पर अपने इलाके का दौरा करें। इससे न केवल जमीनी हालात की सही जानकारी मिल सकेगी, बल्कि पुलिस टीम भी फिट रहेगी।
शहरवासियों ने एडिशनल एसपी की इस अनूठी पहल का स्वागत किया है और इसे जनता से जुड़ाव बढ़ाने वाला कदम बताया है। एएसपी कांबले की यह पहल अलवर में सक्रिय, संवेदनशील और आधुनिक पुलिसिंग की नई मिसाल पेश कर रही है।