राजस्थान के अलवर जिले के बानसूर क्षेत्र में शुक्रवार को दो गुटों के बीच हुई सड़क दुर्घटना ने देखते-देखते बड़ा रूप ले लिया।
एक मामूली टक्कर से शुरू हुआ विवाद हथियारों तक पहुँच गया, जब दोनों पक्षों ने सड़क पर ही पिस्टलें निकालकर एक-दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी। यह पूरा घटनाक्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
कैसे शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, तीन बाइक सवार युवक सड़क से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक थार एसयूवी और मारुति स्विफ्ट कार की उनकी बाइक से हल्की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पहले कहा-सुनी हुई, फिर देखते ही देखते मामला भड़क गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे और उनके बीच पुरानी रंजिश भी चल रही थी। इसी वजह से छोटा सा हादसा भी बड़े विवाद में बदल गया।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि झगड़ा बढ़ने पर दोनों ओर के लोग कार और मोटरसाइकिल से उतरकर पिस्टलें निकाल लेते हैं और सड़क पर ही फायरिंग करने लगते हैं। लोग इधर-उधर भागने लगे और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि अभी तक किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। जल्द ही दोनों गुटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह वारदात एक बार फिर सड़क पर बढ़ती गुंडई, वाहन चालकों के बीच बढ़ते रोड़ रेज और अवैध हथियारों के इस्तेमाल पर सवाल खड़े करती है।