#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर #सोशल

मत्स्य उत्सव का भव्य समापन: लाल डिग्गी में ‘अतुल्य अलवर’ की चमक बिखरी

अलवर, 26 नवम्बर। चार दिवसीय मत्स्य उत्सव का समापन सोमवार को ऐतिहासिक लाल डिग्गी जलाशय पर भव्य आयोजनों के साथ हुआ। जिलेवासियों ने पूरे उत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने समापन समारोह में कहा कि अलवर को ‘अतुल्य शहर’ के रूप में विकसित करने का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने नागरिकों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा लाल डिग्गी सहित जिले के पर्यटन स्थलों को आकर्षण के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

‘अतुल्य अलवर’ इवेंट का आकर्षण

समापन दिवस पर लाल डिग्गी जलाशय पर ‘अतुल्य अलवर इवेंट’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद सीईओ सालुखे गौरव रविन्द्र, यूआईटी सचिव श्रीमती धीगडे स्नेहल नाना एवं जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने किया।

नगर निगम द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों में स्वच्छ वायु सर्वेक्षण, स्वच्छता कार्य और एनयूएलएम उत्पादों को प्रदर्शित किया गया।

जलाशय किनारे 1100 दीपकों की दीपमाला ने अतुल्य अलवर की थीम को जीवंत बना दिया। वहीं यूआईटी द्वारा जलाशय पर लगाए गए फव्वारों और रंग-बिरंगी रोशनी ने स्थल को मनमोहक रूप दिया। आमजन ने स्वच्छता हस्ताक्षर अभियान में भाग लेते हुए स्वच्छ अलवर बनाने का संकल्प भी लिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

कार्यक्रम में लोक कलाकारों और विद्यार्थियों ने आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

मैत्रयी पालावत व समूह द्वारा घूमर

शाहरूख खां मेवाती का लोकगीत गायन

प्रीतम द्वारा बांसुरी वादन

चरी नृत्य, ‘पधारो म्हारो देस’, शिव तांडव, ‘अलवर उत्सव’ समूह गीत

जीडी कॉलेज, एपीएस स्कूल और मन्नी का बड़ विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियाँ

उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

फोटो प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र

कंपनी बाग (पुरजन विहार) में आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन राजस्व अपील अधिकारी श्रीमती संजू शर्मा ने किया। प्रदर्शनी में

अलवर के ऐतिहासिक स्थल

सरिस्का के वन्यजीव

दुर्लभ पक्षी प्रजातियाँ

अरावली का प्राकृतिक सौंदर्य

जिले की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरें

आकर्षक फोटोग्राफ्स के माध्यम से प्रदर्शित किए गए। चयनित ऑनलाइन प्रविष्टियों को प्रदर्शनी में प्रमुखता से स्थान दिया गया, जिसे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और आमजन ने देखा।

समापन समारोह में जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता, यूआईटी सचिव स्नेहल नाना, जिला परिषद सीईओ सालुखे गौरव रविन्द्र, अतिरिक्त जिला कलक्टर बीना महावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कंबले शरण गोपीनाथ, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका सहित अनेक अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *