अलवर: बस स्टैंड पर बुज़ुर्ग महिला से 14 लाख के जेवरात ठगे, लिफाफा बदलकर कांच की चूड़ियाँ थमाईं
कोतवाली थाना क्षेत्र में केंद्रीय बस स्टैंड के बाहर एक बुज़ुर्ग महिला से ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने झांसा देकर महिला के हाथों से सोने के कड़े, दो चैन, दो अंगूठियां और अन्य जेवरात उतरवाकर करीब 14 लाख रुपये का माल ले उड़े।
पीड़ित महिला उर्मिला खंडेलवाल जयपुर में शादी से लौटकर राजस्थान रोडवेज बस से अलवर पहुंचीं थीं। बस स्टैंड से बाहर निकलते ही एक व्यक्ति उनके पास आया और बोला—
“यहाँ चोरी बहुत होती है, अपने जेवरात इस लिफाफे में रख लो।”
महिला उसकी बातों में आ गईं। उसने उन्हें एक लिफाफा थमाया और जेवरात उसमें रखवा लिए। इसके बाद उसने जेवरों वाला लिफाफा बदलकर महिला को कांच की चूड़ियों से भरा लिफाफा पकड़ा दिया।
महिला रिक्शे का इंतज़ार करती रहीं, क्योंकि वह व्यक्ति भी उसी रिक्शे में जाने की बात कह रहा था, लेकिन मौका मिलते ही वह वहाँ से गायब हो गया।
घर पहुँचकर जब महिला ने अपने बेटे प्रदीप खंडेलवाल को घटना बताई और लिफाफा खोला, तो उसमें सोने के गहनों की बजाय कांच की चूड़ियाँ निकलीं। तब परिवार को ठगी का पता चला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर पता चला कि आरोपी त्रिपोलिया की तरफ जाते हुए दिखे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चिंता बढ़ी—क्या किसी गैंग की करतूत?
दो दिन पहले ही अलवर कृषि उपज मंडी में साधु के वेश में आए दो ठग व्यापारियों को चूना लगाकर फरार हो गए थे। अब यह दूसरी बड़ी ठगी की घटना सामने आने से शहर में चिंता बढ़ गई है कि कहीं कोई संगठित गैंग तो सक्रिय नहीं है।