#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में ताला ठीक करने के बहाने घर में चोरी, दो युवक 5 लाख के जेवर और नकदी ले उड़े…

अलवर शहर के तिजारा फाटक के पास स्थित शिव कॉलोनी में दो फर्जी ताला-सुधारक युवकों ने एक घर में घुसकर करीब 5 लाख रुपए के सोने के जेवर और 6 हजार रुपए नकद पर हाथ साफ कर दिया। आरोपी दूसरी चाबी लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ताला ठीक करने आए दो युवक बने चोर

शिव कॉलोनी निवासी सुमन यादव ने बताया कि उनकी बुजुर्ग मां घर के बाहर थीं, तभी गली में घूमते हुए दो युवक आए और खुद को ताला ठीक करने वाला बता दिया। मां ने घर में खराब पड़े एक ताले को दिखाने के लिए उन्हें अंदर बुला लिया।

चाबी मरोड़कर बनाया चोरी का रास्ता

युवकों ने मरम्मत के बहाने अलमारी की चाबी अंदर से मंगाई। चाबी को हल्का मरोड़कर वापस कर दिया, जिससे वह ताले में लग ही नहीं रही थी। जब चाबी नहीं लगी तो उन्होंने दोबारा चाबी मांगी और अलमारी खोलने के बहाने अंदर चले गए। इस दौरान उन्होंने मौका पाकर अलमारी से सोने की चेन, झुमकी, कान के टॉप्स और 6 हजार रुपए नकद चुरा लिए।

दूसरी चाबी लाने का बहाना बनाकर फरार

चोरी को अंजाम देने के बाद दोनों युवक बोले कि वे चाबी ठीक करवाने के लिए दूसरी चाबी लेने बाहर जा रहे हैं। इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिवार को शक होने पर अलमारी जांची गई तो सभी कीमती जेवरात और नकदी गायब मिली।

घटना का पता चलने के बाद सुमन यादव और परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस आरोपियों की खोज में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

सुमन यादव, मकान मालिक
“गली में घूमते दो युवकों ने खुद को ताला ठीक करने वाला बताया। मां ने भरोसा किया और घर में बुलाया। उन्होंने चालाकी से अलमारी की चाबी खराब दिखाकर अंदर रखे जेवर और नकदी चोरी कर ली। दूसरी चाबी लाने का बहाना बनाकर दोनों भाग गए।”

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *