लुधियाना आतंकी एनकाउंटर में राजस्थान का लिंक—श्रीगंगानगर से जुड़े दो आरोपी, पाक हैंडलर से कनेक्शन, ग्रेनेड डिलीवरी लेने पहुंचे थे…
पंजाब के लुधियाना में गुरुवार देर रात हुए हाई-प्रोफाइल आतंकी एनकाउंटर ने राजस्थान कनेक्शन भी उजागर कर दिया है। पकड़े गए दोनों आतंकियों में से एक श्रीगंगानगर का है, जबकि दोनों का पाकिस्तान-स्थित हैंडलर से सीधा संपर्क बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि यह गैंग प्रदेश में बड़े ग्रेनेड हमलों की तैयारी में था।
पंजाब के लुधियाना में गुरुवार रात लाडोवाल टोल प्लाजा के पास हुए एनकाउंटर में पकड़े गए दो आतंकियों की कड़ियां राजस्थान से जुड़ गई हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल हुए दो आतंकी राजस्थान के ही निवासी हैं। इनमें से एक की पहचान श्रीगंगानगर जिले के ताखरावाली गांव के 25 वर्षीय रामलाल के रूप में हुई है। दूसरा आरोपी दीपक उर्फ दीपू है, जिसकी राजस्थान में सटीक लोकेशन की पुष्टि अभी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार दोनों का संपर्क पाकिस्तान में बैठे हैंडलर जसवीर उर्फ चौधरी से था। उन्हें पंजाब में ग्रेनेड हमला करने के लिए भेजा गया था। दोनों आतंकी लॉरेंस गैंग से जुड़े मॉड्यूल का हिस्सा भी बताए जा रहे हैं। लुधियाना पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा किया कि मॉड्यूल का एक लिंक मुंबई में सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग से भी जुड़ता है।
गुरुवार रात दिल्ली–अमृतसर हाईवे पर पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि देख दोनों को रोका तो इस दौरान जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ हुई और दोनों आरोपी घायल हो गए। एक को 5 गोलियां, जबकि दूसरे को 2 गोलियां लगीं। दोनों की हालत स्थिर है और सुरक्षा कारणों से अस्पताल के वार्ड को ताला लगाकर इलाज चल रहा है।
पुलिस ने आरोपियों से चाइना-मेड हैंड ग्रेनेड,5 पिस्टल,
50 से अधिक कारतूस जब्त किए। उन पर BNS, आर्म्स एक्ट और साजिश व आतंकी गतिविधियों से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी रामलाल श्रीगंगानगर के ताखरावाली गांव में माता के मंदिर का पुजारी है। कुछ दिन पहले वह गांव के ही युवक अमित को लुधियाना लेकर गया था। अमित गांव में कार ड्राइवर है। पुलिस ने अमित की कार जब्त कर ली है, जबकि वह अभी भी फरार है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रामलाल और अमित का पहले कोई गंभीर आपराधिक इतिहास नहीं है, हालांकि दो वर्ष पूर्व रामलाल पर मारपीट का एक मामूली मामला दर्ज हुआ था
इससे पहले इंटेलिजेंस और लुधियाना पुलिस ने इस मॉड्यूल से जुड़े फिरोजपुर के शमशेर सिंह, हरियाणा के अजय, और बिहार के हर्ष कुमार ओझा को गिरफ्तार किया था। इन्हीं गिरफ्तारियों की कड़ियों ने हालिया एनकाउंटर तक पुलिस को पहुंचाया।
लुधियाना एनकाउंटर ने एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसमें पाकिस्तान स्थित हैंडलर, लॉरेंस गैंग और अलग-अलग राज्यों के युवाओं को जोड़कर हथियारों की सप्लाई और ग्रेनेड हमले की योजना बनाई जा रही थी। राजस्थान पुलिस अब आरोपी रामलाल और फरार अमित के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।