#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर बहादुरपुर: सड़क किनारे रजाई-गद्दे की दुकान लगाने पर पालिका कर्मचारी पर वसूली और धमकाने के आरोप, वीडियो वायरल…

अलवर के बहादुरपुर में सड़क किनारे कच्ची दुकान लगाकर रजाई-गद्दे बनाने वाले एक दुकानदार ने नगर पालिका कर्मचारी पर धमकाकर पैसे मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पूरा मामला तब सामने आया जब पीड़ित ने कर्मचारी का वीडियो बनाना शुरू किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पहली वीडियो में पालिका कर्मचारी दुकानदार को धमकाते हुए कहता दिख रहा है— “वीडियो बंद कर ले, वरना तेरी दुकान हटवा दूंगा। ज्यादा समझदार मत बन।”
जैसे ही दुकानदार वीडियो रिकॉर्ड करता है, कर्मचारी बाइक से उतरकर उसकी ओर बढ़ता है और वीडियो वहीं कट हो जाता है।

दूसरी वीडियो में कर्मचारी किसी को फोन करते नजर आता है। जबकि तीसरी वीडियो में आसपास के लोगों ने कर्मचारी को घेर रखा है और उससे सवाल कर रहे हैं कि उसने गरीब दुकानदार को गाली क्यों दी। भीड़ बढ़ते ही कर्मचारी वहां से बचता-बचाता निकलने की कोशिश करता दिखाई देता है।

रजाई बनाने वाले शौकत ने बताया कि पालिका कर्मचारी राजेश प्रजापत पहले भी कई बार पैसे वसूल चुका है।
“एक बार 500 रुपए लिए, फिर 1800 रुपए लिए। कुल 2300 रुपए वह ले चुका है।”

“शुक्रवार शाम करीब 4 बजे फिर आया और 5100 रुपए मांगने लगा। बोला— पैसे दे दे, नहीं तो रात में मशीन उठा ले जाऊंगा।”

शौकत ने दावा किया कि राजेश कई बार धमकी देकर रजाई भी ले गया है, जिसके पैसे कभी नहीं दिए।
वह कहता रहा कि पालिका ने उसे ‘पर्ची काटकर कलेक्शन’ करने का अधिकार दिया है, जबकि पीड़ित का कहना है कि पालिका ने ऐसा कोई चार्ज नहीं दिया।

कर्मचारी की सफाई
आरोपित कर्मचारी राजेश प्रजापत, जो बहादुरपुर नगर पालिका में सफाई कर्मचारी है, ने कहा कि वह घर लौटते समय वहां रुका था और दुकानदार को पर्ची जमा कराने की बात कही।
उसका दावा है कि उसे पालिका की ओर से अतिक्रमण की जिम्मेदारी भी दी गई है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *