#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

भिवाड़ी में गो-तस्करों और पुलिस की मुठभेड़: चार कुख्यात तस्कर घायल हालत में गिरफ्तार, मास्टरमाइंड का खुलासा…

खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में यूआईटी पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चार कुख्यात तस्करों को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ में चारों आरोपियों के पैरों में गोलियां लगने से वे घायल हो गए। सोमवार शाम इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया, जिसके बाद मंगलवार को पुलिस ने घटनास्थल पर मौका-तस्दीक कराई। तस्दीक के दौरान आरोपी पुलिस के कंधों का सहारा लेते हुए चलते दिखाई दिए।

मौका-तस्दीक के दौरान कुख्यात गो-तस्कर राहुल ने पुलिस पर 3–4 राउंड फायरिंग करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि मुठभेड़ के समय उसके साथ कुछ और साथी भी मौजूद थे, जो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अब इन फरार आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही है।

राहुल ने खुलासा किया कि गो-तस्करी रैकेट का मास्टरमाइंड हरियाणा के नूह-मेवात क्षेत्र के गांव का मिनचुन्ना है। आरोपी के मुताबिक, वह अब तक भिवाड़ी व आसपास के इलाकों से 50 से अधिक गायें चोरी कर चुका है, जिन्हें नूह-मेवात में गोकशी के लिए करीब 15 हजार रुपये प्रति गाय में बेचा जाता है। मिनचुन्ना इन गायों को खरीदकर उनसे भी ज्यादा कीमत पर आगे बेचकर भारी मुनाफा कमाता है।

उसने बताया कि इस रैकेट में सैकड़ों युवक शामिल हैं, जो अलग-अलग जिलों में सक्रिय रहते हैं। गाय चोरी का समय आमतौर पर रात 1 से सुबह 4 बजे के बीच तय किया जाता है, ताकि सड़कों पर आवाजाही कम रहे और किसी की नजर न पड़े।

राहुल ने यह भी माना कि मुठभेड़ के दौरान वही पिकअप चलाकर ले जा रहा था और बचाव में अपने देसी कट्टे से दो राउंड फायर किए थे। हालांकि पुलिस को अभी तक वह हथियार बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस ने मौके से पिकअप वाहन और कुछ गायों को बरामद कर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों को करीब 200 मीटर तक घुमाकर वारदात की पूरी कड़ियां जोड़कर समझी। मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपियों व मास्टरमाइंड तक पहुंचने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *