#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

उदयपुर में बोले अशोक गहलोत — “पहली बार मुख्यमंत्री बने हैं, पता ही नहीं चल रहा क्या हो रहा है”…

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एक बार फिर राज्य सरकार पर तीखे हमले के मूड में नजर आए। उदयपुर सर्किट हाउस में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात के दौरान गहलोत ने मुख्यमंत्री सहित प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार में अनुभव की कमी साफ झलक रही है। साथ ही ‘वंदे मातरम’ को लेकर भी उन्होंने भाजपा पर करारा तंज कसा।

उदयपुर के सर्किट हाउस में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की। लोगों ने अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्याएं और परिवेदनाएं पूर्व मुख्यमंत्री को बताईं। इस मौके पर गहलोत ने कहा कि वे मुख्य रूप से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल की तबीयत पूछने उदयपुर आए हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं से मिलना हमेशा उनका दायित्व रहा है।

“पहली बार मुख्यमंत्री बने हैं, पता नहीं चल रहा क्या हो रहा है”

पत्रकारों से बातचीत के दौरान गहलोत ने मौजूदा राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “पहली बार विधायक बने और पहली बार मुख्यमंत्री बने हैं, भगवान ने मौका दे दिया, पर अब खुद उन्हें भी समझ नहीं आ रहा कि हो क्या रहा है।” उन्होंने शहरी सेवा शिविरों की मॉनिटरिंग पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी को पता नहीं कि ये अभियान सही ढंग से चल भी रहा है या नहीं।

‘वंदे मातरम’ पर भाजपा को घेरा

गहलोत ने ‘वंदे मातरम’ के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कहा, “वंदे मातरम से इनका क्या संबंध है? आज तक शाखा में वंदे मातरम नहीं गाया गया। उनका अलग गीत होता है। जबकि वंदे मातरम पहली बार कांग्रेस के अधिवेशन में गाया गया था, और रविंद्रनाथ टैगोर ने इसे गाकर इतिहास रचा था।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा देश की स्तुति करती आई है और राष्ट्रभक्ति की सच्ची परंपरा को आगे बढ़ाया है।

“सरकार में अनुभव की कमी साफ झलक रही है”

गहलोत ने कहा कि प्रशासनिक अनुभव की कमी मौजूदा सरकार के फैसलों में साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब धीरे-धीरे खुद महसूस कर रही है कि शासन चलाना केवल भाषणों से नहीं, अनुभव और संवेदनशीलता से होता है।

अशोक गहलोत का यह बयान न केवल प्रदेश की सियासत में नया तापमान जोड़ रहा है, बल्कि यह संकेत भी दे रहा है कि कांग्रेस आने वाले समय में सरकार की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखेगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *