अंता उपचुनाव : बीजेपी-कांग्रेस के दिग्गजों ने दिखा दिया अपना दम, अब कल जनता सुनाएगी अपना फैसला….
राजस्थान के बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान अब समाप्त हो चुका है। मंगलवार, 11 नवंबर को वोटिंग होगी, जिसके साथ तय होगा कि अंता की कमान बीजेपी, कांग्रेस या निर्दलीय उम्मीदवार में से किसके हाथ में जाएगी।
पिछले एक हफ्ते से अंता में चुनावी माहौल चरम पर था। बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मैदान संभाला, जबकि कांग्रेस की तरफ से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पूरी ताकत झोंक दी।
बीजेपी ने सुमन मोरवाल को मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस ने प्रमोद जैन भाया पर भरोसा जताया है। इन दोनों के बीच मुकाबले को और दिलचस्प बना रहे हैं निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा, जिन्होंने पूरे प्रचार अभियान में दमदार उपस्थिति दर्ज कराई और चुनाव को त्रिकोणीय मुकाबले में बदल दिया।
प्रचार के आखिरी दिन भजनलाल शर्मा और वसुंधरा राजे ने अंता में रोड शो कर जनता से समर्थन मांगा। उधर, कांग्रेस की ओर से अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली ने भी जनसभाएं कीं, जबकि सचिन पायलट ने 5 नवंबर को भाया के समर्थन में रोड शो किया था।
अब अंता की जनता ने सबकी बातें सुन ली हैं — बीजेपी के वादे, कांग्रेस के तर्क और निर्दलीय के दावे। मंगलवार को मतदाता तय करेंगे कि अंता का अगला विधायक कौन होगा।