डूंगरपुर में दो सड़क हादसे: शोक कार्यक्रम से लौट रहे दो युवकों की मौत, नवदंपती ने भी गंवाई जान
डूंगरपुर जिले में सड़क हादसों की दो अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। एक हादसे में शोक कार्यक्रम से बाइक पर लौट रहे दो युवकों की कार की टक्कर से मौत हो गई। वहीं दूसरे हादसे में कार और बाइक की भिड़ंत के बाद नवविवाहिता ने मौके पर दम तोड़ दिया। गंभीर घायल पति की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
शोक कार्यक्रम से लौट रहे थे तीन युवक
डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-927ए पर पालवड़ा के पास गुरुवार देर शाम हादसा हुआ। बताया गया कि शेरावाड़ा-बिछीवाड़ा निवासी रणजीत पुत्र अर्जुन वरहात, दिलीप पुत्र रामा वरहात और गजेंद्र पुत्र सुरेंद्र वरहात बाइक से घर लौट रहे थे।तीनों माथुगामड़ा के पास आयोजित एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे बाइक से वापस अपने गांव की ओर रवाना हुए। पालवड़ा के पास सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक क्षतिग्रस्त
कार और बाइक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में रणजीत और दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे गुजरात ले गए। वहां उसका इलाज जारी बताया गया है। दोनों मृतकों के शव डूंगरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए।रणजीत गुजरात में एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करता था। परिजनों के मुताबिक उसे शुक्रवार को वापस काम पर जाना था। वहीं दिलीप पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
कार-बाइक भिड़ंत में नवदंपती की मौत
डूंगरपुर के धम्बोला थाना क्षेत्र में कार और बाइक की टक्कर में एक नवविवाहित दंपती की भी मौत हो गई। यह हादसा धम्बोला अस्पताल के पास डूंगरपुर-सीमलवाड़ा मार्ग पर हुआ।बेडसा निवासी पंकज कटारा अपनी पत्नी पायल के साथ बाइक से सीमलवाड़ा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।पायल को सीमलवाड़ा अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में पंकज को प्राथमिक उपचार के बाद मोडासा रेफर किया गया। इलाज के दौरान रात करीब 1:45 बजे उसकी भी मौत हो गई।
समझाइश के बाद शांत हुआ मामला
हादसे के बाद मृतकों के परिजन और ग्रामीण धम्बोला थाने के बाहर एकत्र हुए। ग्रामीण कार चालक को सामने बुलाने की मांग कर रहे थे। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया गया।इसके बाद स्थिति शांत हुई और गुरुवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।परिजनों के अनुसार पंकज और पायल की शादी को करीब तीन महीने ही हुए थे। पंकज परिवार में कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट की स्थिति बन गई है।पुलिस दोनों हादसों की परिस्थितियों की जांच कर रही है। कार चालकों की भूमिका और दुर्घटनाओं के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।