उदयपुर में गवरी पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में ब्लॉगर गिरफ्तार
उदयपुर जिले के गोगुंदा में मेवाड़ की प्रसिद्ध लोकनाट्य परंपरा गवरी को लेकर विवाद सामने आया है। गवरी और आदिवासी समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले एक ब्लॉगर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय पिंकू पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। वह हरियाणा के जींद जिले का रहने वाला है। पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से उसकी पहचान की और लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद टीम ने हरियाणा पहुंचकर आरोपी को पकड़ा। उसे अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
गवरी से जुड़े व्यक्ति ने दर्ज कराई शिकायत
गोगुंदा थाना पुलिस के अनुसार 28 सितंबर को भाट निवासी चेनाराम गमेती ने शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह गवरी लोकनाट्य से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि 23 सितंबर को चाटियाखेड़ी से गवरी कार्यक्रम के बाद लौटते समय उसे रास्ते में एक युवक ने रोका। युवक काले रंग की थार में सवार था। बातचीत के दौरान उसने गवरी की परंपराओं को लेकर टिप्पणी की।
परंपराओं और आदिवासी समाज पर टिप्पणी का आरोप
शिकायत के मुताबिक युवक ने गवरी में पुरुषों द्वारा महिला पात्रों का रूप धारण करने और पारंपरिक श्रृंगार को लेकर सवाल उठाए। चेनाराम ने उसे गवरी को आदिवासी समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा बताया। आरोप है कि इसके बावजूद युवक ने गवरी माता और आदिवासी समाज को लेकर अभद्र तथा जातिसूचक टिप्पणी की। इसी दौरान बातचीत का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया।
इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड होने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार बातचीत का वीडियो बाद में आरोपी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामले को लेकर विरोध शुरू हुआ। समाज के लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपी की ओर से एक अन्य वीडियो जारी कर माफी मांगने की बात भी सामने आई थी। हालांकि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच जारी रखी।
साइबर सेल की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच में गोगुंदा पुलिस ने साइबर सेल की सहायता ली। तकनीकी जानकारी और इंस्टाग्राम अकाउंट के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम जींद जिले पहुंची। मुहाना थाना क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम ने हरियाणा जाकर की कार्रवाई
कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा और गिर्वा वृत्ताधिकारी छगन पुरोहित के सुपरविजन में टीम गठित की गई। गोगुंदा थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में पुलिस टीम हरियाणा पहुंची। एएसआई महेंद्र सिंह, एएसआई कालू लाल और कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह ने भी कार्रवाई में भूमिका निभाई। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।