जयपुर में 41.70 लाख की बैंक लूट का खुलासा, आरोपी पहले इसी बैंक में कर चुका था काम
जयपुर में महल रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया से 41.70 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में पुष्पेंद्र मीणा पहले इसी बैंक में काम कर चुका था। इसके चलते उसे बैंक की कार्यप्रणाली और नकदी लेन-देन से जुड़ी अंदरूनी जानकारी थी। पुलिस का कहना है कि इसी जानकारी के आधार पर महिला कर्मचारी को निशाना बनाने की साजिश रची गई। वारदात के बाद आरोपी जयपुर, करौली, खाटूश्यामजी और अहमदाबाद तक भागते रहे। अब पुलिस मुख्य आरोपी मस्तराम मीणा और लूटी गई बाकी रकम की तलाश में जुटी है।
बैंक की अंदरूनी जानकारी से बनाई लूट की योजना
सांगानेर एसीपी दीपक खंडेलवाल के अनुसार, आरोपियों पर भारी कर्ज था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए बैंक लूट की योजना बनाई गई।\पुलिस के मुताबिक, पुष्पेंद्र मीणा पहले बैंक ऑफ इंडिया में काम कर चुका था। इसलिए उसे बैंक के अंदर की कार्यप्रणाली और नकदी के लेन-देन की जानकारी थी।जांच में सामने आया कि आरोपियों को पता था कि बैंक में नकदी का लेन-देन महिला कर्मचारी संभालती हैं। पुलिस के अनुसार, इसी जानकारी के आधार पर कर्मचारी को निशाना बनाया गया।
14 सितंबर को बैंक से लूटे थे 41.70 लाख रुपए
महल रोड स्थित अक्षय पात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया में 14 सितंबर को लूट की वारदात हुई थी। आरोपी बैंक से 41.70 लाख रुपए लेकर फरार हो गए थे।घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसटी ईस्ट सहित पुलिस की विशेष टीमों ने तकनीकी इनपुट और अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू की।
लूट के बाद जयपुर से करौली भागे
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी एक दिन जयपुर के एक होटल में रुके। इसके बाद वे करौली चले गए।गिरफ्तारी के डर से आरोपी मुख्य आरोपी मस्तराम मीणा से अलग हो गए। इसके बाद वे खाटूश्यामजी पहुंचे और वहां दर्शन किए। फिर अजमेर होते हुए अहमदाबाद चले गए।पुलिस के मुताबिक, अहमदाबाद से करौली लौटने के दौरान दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
सुमित जंगम और पुष्पेंद्र मीणा गिरफ्तार
डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा के अनुसार, पुलिस ने सुमित जंगम और पुष्पेंद्र मीणा को गिरफ्तार किया है।दोनों आरोपी मूल रूप से करौली के मासलपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। वर्तमान में सुमित जंगम प्रताप नगर स्थित नीलगिरी अपार्टमेंट में रह रहा था।बुधवार को गिरफ्तारी के बाद दोनों को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
डीएसटी ईस्ट टीम की रही अहम भूमिका
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश में डीएसटी ईस्ट की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में एसआई बन्नालाल, राजेश और हेमंत सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।जांच के दौरान आरोपियों की आवाजाही और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई गई। लगातार निगरानी और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
मुख्य आरोपी की प्रेमिका से 26.80 लाख रुपए बरामद
इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी मस्तराम मीणा की कथित प्रेमिका अंशु कुमारी जाटव को गिरफ्तार कर चुकी है।थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर के अनुसार, अंशु की निशानदेही पर उसके कमरे से 26.80 लाख रुपए बरामद किए गए थे।अब पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर लूटी गई रकम के बाकी हिस्से और वारदात से जुड़े अन्य सामान की जानकारी जुटा रही है।
कार, बाइक और बाकी रकम की तलाश
पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल की गई कार और बाइक की बरामदगी का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही लूट की बाकी रकम कहां छिपाई गई है, इसकी भी जांच की जा रही है।पूछताछ के दौरान पुलिस आरोपियों के संपर्क में रहे अन्य लोगों और वारदात की पूरी साजिश में उनकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है।
मुख्य आरोपी मस्तराम मीणा की तलाश जारी
मामले का मुख्य आरोपी बताए जा रहे मस्तराम मीणा की तलाश अभी जारी है। पुलिस उसकी संभावित लोकेशन और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद लूट की पूरी कड़ी और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका सामने आ सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।