कोटा में वोट डालने पहुंचे मंत्री मदन दिलावर, 15 मिनट करना पड़ा इंतजार; ईवीएम खराबी से भी परेशानी
खबर का सारांश
राजस्थान निकाय चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को कोटा में मतदान जारी है। मतदान शुरू होने से करीब 15 मिनट पहले शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मतदान केंद्र पहुंच गए। बूथ पर पहुंचने के बाद उन्हें मतदान प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान वे कई बार अपनी घड़ी देखते नजर आए। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के बाद उन्होंने वार्ड 52 के भाग संख्या 2 स्थित मतदान केंद्र पर वोट डाला। वहीं, शहर के कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायत भी सामने आई। स्वामी विवेकानंद नगर के वार्ड 22 में ईवीएम खराब होने से करीब 20 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा।
मतदान शुरू होने से पहले बूथ पहुंचे दिलावर
मंत्री मदन दिलावर मतदान शुरू होने के निर्धारित समय से करीब 15 मिनट पहले ही मतदान केंद्र पहुंच गए थे। बूथ पर पहुंचने के बाद मतदान शुरू नहीं हुआ था। ऐसे में उन्हें करीब 15 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान दिलावर कई बार अपनी घड़ी देखते नजर आए। सुबह 7 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू होने के बाद उन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
वोटर्स से ज्यादा से ज्यादा मतदान की अपील
वोट डालने के बाद मदन दिलावर ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता अब काफी जागरूक हो चुके हैं। मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। उन्होंने युवाओं से भी मतदान में भाग लेने और परिवार व परिचितों को वोट देने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
हीरालाल नागर ने भी किया मतदान
कोटा में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने इंद्रविहार स्थित एक निजी स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्र पर वोट डाला। निकाय चुनाव को लेकर शहर में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही देखने को मिली।
ईवीएम खराबी से 20 मिनट मतदान रुका
मतदान शुरू होने के साथ ही कोटा के कुछ केंद्रों से ईवीएम में तकनीकी खराबी की जानकारी सामने आई। हालांकि, संबंधित टीमों ने मशीनों को ठीक कर मतदान प्रक्रिया शुरू कराई। स्वामी विवेकानंद नगर के वार्ड नंबर 22 में भाग संख्या 2 पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के चलते करीब 20 मिनट तक मतदान रुका रहा। इस दौरान मतदान केंद्र पर मतदाताओं की कतार बढ़ गई और लोगों को इंतजार करना पड़ा।
कांग्रेस प्रत्याशी खुद को नहीं दे सके वोट
कोटा के वार्ड नंबर 78 से कांग्रेस प्रत्याशी रिददम खुद को वोट नहीं दे सके। उनका मतदान केंद्र वार्ड नंबर 79 में है। चूंकि वे वार्ड 78 से चुनाव लड़ रहे हैं और उनका नाम वार्ड 79 के मतदान क्षेत्र में आता है, इसलिए वे अपने ही वार्ड के चुनाव में खुद को वोट नहीं दे पाए।
100 वार्डों में 373 प्रत्याशी मैदान में
कोटा नगर निगम के 100 वार्डों में कुल 373 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के अलावा अन्य प्रत्याशी भी शामिल हैं। शहर के 22 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं, बाकी वार्डों में त्रिकोणीय और बहुकोणीय मुकाबले की स्थिति बनी हुई है। कोटा शहर के 8.26 लाख से अधिक मतदाता नगर की नई सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं।