जयपुर निगम चुनाव से पहले गली-गली प्रचार तेज, ढोल-नगाड़ों और डोर-टू-डोर जनसंपर्क से वोट जुटा रहे प्रत्याशी
जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर शहर के वार्डों में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी गली-गली और घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं। कहीं ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकल रहे हैं तो कहीं प्रत्याशी बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर वोट की अपील कर रहे हैं। बाजारों और कॉलोनियों में झंडे-पोस्टर नजर आने लगे हैं, वहीं नुक्कड़ और चाय की दुकानों पर भी चुनावी चर्चा जोर पकड़ चुकी है। प्रचार के जरिए प्रत्याशी न सिर्फ वोट मांग रहे हैं, बल्कि अपने वार्ड में राजनीतिक पकड़ और जनसमर्थन का प्रदर्शन भी कर रहे हैं।
वार्ड 80 में विधायक ने किया भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसंपर्क
वार्ड 80 में चुनाव प्रचार के दौरान मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ ने भाजपा प्रत्याशी दलजीत कौर के समर्थन में जनसंपर्क किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी हिना वाघवानी ने राजापार्क की गली नंबर 1 से 8, पंचवटी सर्कल और आसपास के क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर समर्थन मांगा।
वार्ड 32 में घर-घर पहुंच रहे भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी
वार्ड 32 में भाजपा प्रत्याशी श्वेता सुरोलिया ने मतदाताओं से संपर्क कर क्षेत्र के विकास का भरोसा दिलाया। कांग्रेस प्रत्याशी सीमा शर्मा ने भी डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। इस दौरान उनके चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया।
वार्ड 138 में विकास के मुद्दे पर जनसंपर्क
वार्ड 138 में भाजपा प्रत्याशी ममता ने बादरी का नाकस, भैसों वालों का मोहल्ला और नाथावत चौक सहित कई इलाकों में लोगों से मुलाकात की। कांग्रेस प्रत्याशी दीपिका शर्मा ने हरिजन बस्ती, शिवाड़ क्षेत्र और धानका बस्ती में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया।
वार्ड 125 और 128 में भी प्रचार अभियान तेज
वार्ड 125 में भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मी देवी और कांग्रेस प्रत्याशी मंजू बानो ने अलग-अलग क्षेत्रों में जनसंपर्क किया। दोनों प्रत्याशी मतदाताओं से मुलाकात कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।
वहीं वार्ड 128 में भाजपा प्रत्याशी माजिद ने विभिन्न कॉलोनियों में जनसंपर्क किया। कांग्रेस प्रत्याशी सोहेल ने भी अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर लोगों से समर्थन मांगा।
वार्ड 42 और 19 में प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत
वार्ड 42 में भाजपा प्रत्याशी अशोक रावतनी ने घर-घर जाकर मतदाताओं से वोट मांगे। कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रवीर सिंह ने कॉलोनियों और पार्कों में लोगों से मुलाकात की।
वार्ड 19 में भाजपा प्रत्याशी शाहनवाज अंसारी के प्रधान चुनाव कार्यालय का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी फारुख खान ने क्षेत्र में जनसंपर्क कर मतदाताओं से समर्थन मांगा।
वार्ड 82 में बापू नगर और गांधी नगर में जनसंपर्क
वार्ड 82 में भाजपा प्रत्याशी ममता यादव ने बापू नगर और गांधी नगर क्षेत्र में लोगों से संपर्क किया। कांग्रेस प्रत्याशी महेश चंद्र यादव ने बापू नगर और गौतम नगर में जनसंपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की।
वार्ड 44 और 47 में सभाओं के साथ डोर-टू-डोर प्रचार
वार्ड 44 में कांग्रेस प्रत्याशी विनय प्रताप सिंह भोपर ने विभिन्न कॉलोनियों में जनसंपर्क किया। भाजपा प्रत्याशी नवीन भंडारी ने भी मतदाताओं से मुलाकात कर समर्थन मांगा।
वार्ड 47 में भाजपा प्रत्याशी दीपा नाथावत ने घर-घर जाकर वोट की अपील की। कांग्रेस प्रत्याशी दामोदर मीणा ने जनसंपर्क के साथ सभा भी की और मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।
वार्ड 40 में सेक्टरों में पहुंचकर मांगा समर्थन
वार्ड 40 में भाजपा पार्षद प्रत्याशी नीरज कुमार गर्ग ने सेक्टर 42-43 और सेक्टर 65 में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। कांग्रेस प्रत्याशी मनीष कुमार शर्मा ने सेक्टर 62, 63 और सेक्टर 65 में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया।
दोनों दलों के प्रत्याशी क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों के बीच अपनी बात रख रहे हैं।
वार्ड 45 में घर-घर प्रचार पर जोर
वार्ड 45 में भाजपा प्रत्याशी जसवंत बैरवा ने जगन्नाथपुरी सेकंड और थर्ड में डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया। कांग्रेस प्रत्याशी सुभाष चंद्र ने गायत्री नगर कॉलोनी में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं पर चर्चा की। प्रचार अभियान में महिलाओं की भागीदारी भी नजर आई।
वार्ड 130 और 131 में भी चुनावी गतिविधियां तेज
वार्ड 130 में भाजपा प्रत्याशी सूरज कुमार शर्मा ने मंगल विहार और केशव विद्यापीठ क्षेत्र में जनसंपर्क कर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य कौशिक ने भी मंगल विहार और केशव नगर में लोगों से संपर्क किया।
वार्ड 131 में कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेन्द्र मीणा विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी कैलाश चंद मीणा (झाला) भी लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं और मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं।
वार्ड 22 में निर्दलीय प्रत्याशी ने खोला चुनाव कार्यालय
वार्ड 22 में निर्दलीय प्रत्याशी घनश्याम दास शर्मा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया। उन्होंने स्थानीय मतदाताओं से समर्थन की अपील करते हुए चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।
वार्ड 52 में संतों से लिया आशीर्वाद
सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 52 से कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी हनुमान सैनी लाड़का ने सोमवार को जैन मंदिर पहुंचकर जैन संतों का आशीर्वाद लिया। उन्होंने संतों को श्रीफल भेंट किया और वार्ड की सुख-शांति व विकास के लिए मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
सैनी ने कहा कि संतों का आशीर्वाद उनके लिए बड़ी ताकत है। उन्होंने वार्ड में सभी धर्मों और समाजों को साथ लेकर विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
वार्ड 74 में निर्दलीय प्रत्याशी का ‘नंगे पैर प्रचार’ का प्रण
मालवीय नगर के वार्ड 74 से गुब्बारा चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे निर्दलीय प्रत्याशी बाबूलाल चौधरी ने सेक्टर 5, 13 और 14 में जनसंपर्क किया। लोगों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने पूरे वार्ड में नंगे पैर प्रचार करने का प्रण लिया।
चौधरी ने कहा कि इस तरीके से वे लोगों की परेशानियों और वार्ड की समस्याओं को और करीब से समझना चाहते हैं। उनका यह प्रण स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
जयपुर के वार्डों में बढ़ा चुनावी मुकाबला
नगर निगम चुनाव के नजदीक आते ही जयपुर के अलग-अलग वार्डों में प्रचार अभियान लगातार तेज हो रहा है। भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी मतदाताओं तक पहुंचने में पूरी ताकत लगा रहे हैं।
कहीं बड़े नेताओं की मौजूदगी प्रत्याशियों के प्रचार को मजबूती दे रही है तो कहीं व्यक्तिगत जनसंपर्क और स्थानीय मुद्दे चुनावी अभियान का आधार बने हुए हैं। अब आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और तेज होने के साथ वार्डों में मुकाबले की तस्वीर भी और स्पष्ट होने की उम्मीद है।