‘राहुल गांधी ही विजय को बनाएंगे प्रधानमंत्री’, TVK विधायक कनिमोझी संतोष का बड़ा दावा
तमिलनाडु की राजनीति में मुख्यमंत्री और अभिनेता से नेता बने थलापति विजय को लेकर प्रधानमंत्री पद की चर्चा तेज हो गई है। विजय की पार्टी TVK के नेताओं की ओर से 2029 के लोकसभा चुनाव में उन्हें प्रधानमंत्री पद के संभावित दावेदार के तौर पर पेश किए जाने के बीच अब पार्टी की विधायक और एस्ट्रोलॉजर कनिमोझी संतोष ने बड़ा बयान दिया है।
कनिमोझी संतोष ने दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विजय को मुख्यमंत्री बनाने में भूमिका निभाई और भविष्य में वही उनका हाथ थामकर उन्हें प्रधानमंत्री भी बनाएंगे। उनके इस बयान ने TVK और कांग्रेस के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान को और हवा दे दी है।
कनिमोझी संतोष ने क्या कहा?
मीडिया से बातचीत में TVK विधायक कनिमोझी संतोष ने कहा कि राहुल गांधी ने थलापति विजय को मुख्यमंत्री बनाया है और 2029 में वही विजय का हाथ पकड़कर उन्हें प्रधानमंत्री पद तक पहुंचाएंगे।
कनिमोझी राजनीति में आने से पहले ज्योतिष और भविष्यवाणी से जुड़ी गतिविधियों के लिए भी चर्चा में रही हैं। उन्होंने पहले दावा किया था कि विजय की पार्टी 2026 के विधानसभा चुनाव में एक मजबूत राजनीतिक ताकत बनकर उभरेगी। पार्टी के सत्ता में आने के बाद उनके पुराने दावे को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई।
राहुल गांधी को लेकर कांग्रेस का रुख साफ
वहीं, कांग्रेस विधायक दल की नेता ताराहाई कथबर्ट ने दावा किया कि मुख्यमंत्री विजय का मानना है कि राहुल गांधी 2029 में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।
हालांकि, TVK के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच विजय को राष्ट्रीय राजनीति में आगे ले जाने की मांग अलग स्तर पर दिखाई दे रही है। इसी वजह से गठबंधन के भीतर प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर मतभेद की स्थिति बनती नजर आ रही है।
कांग्रेस ने दी मंत्रियों के इस्तीफे की चेतावनी
TVK और कांग्रेस के बीच बढ़ते मतभेदों के बीच कांग्रेस नेता एस. राजेश कुमार ने भी स्पष्ट चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ही प्रधानमंत्री पद के लिए कांग्रेस के एकमात्र सर्वमान्य उम्मीदवार हैं।
उन्होंने कथित तौर पर यह भी कहा कि अगर TVK राहुल गांधी के नाम को स्वीकार नहीं करती है तो राज्य सरकार में शामिल कांग्रेस के दोनों मंत्री अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
इस बयान के बाद गठबंधन की राजनीति को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं। हालांकि, सरकार से अलग होने या मंत्रियों के इस्तीफे को लेकर अंतिम फैसला कांग्रेस नेतृत्व की ओर से आधिकारिक तौर पर सामने आना बाकी है।
कैसे शुरू हुई विजय को PM बनाने की चर्चा?
थलापति विजय को 2029 में प्रधानमंत्री पद के संभावित दावेदार के तौर पर चर्चा तब मिली, जब एक निजी मीडिया सर्वे में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के बाद पसंदीदा नेताओं में जगह दिए जाने की बात सामने आई।
इसके बाद TVK के कुछ नेताओं और समर्थकों की ओर से विजय को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका देने की मांग तेज हुई। अब गठबंधन में शामिल कांग्रेस के नेताओं की ओर से राहुल गांधी को 2029 का चेहरा बताए जाने से दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी बढ़ती दिखाई दे रही है।
2029 को लेकर अभी से सियासी घमासान
तमिलनाडु की राजनीति में विजय की TVK के आने से राजनीतिक समीकरण तेजी से बदले हैं। एक ओर पार्टी अपने नेता को राज्य की राजनीति से आगे राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की कोशिश करती दिखाई दे रही है, वहीं कांग्रेस राहुल गांधी को 2029 के लिए अपना प्रमुख चेहरा बता रही है।
ऐसे में मुख्यमंत्री विजय और राहुल गांधी को लेकर सामने आ रहे बयानों ने गठबंधन के भविष्य और 2029 की संभावित रणनीति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दोनों नेताओं के बीच प्रधानमंत्री पद को लेकर कोई आधिकारिक अंतिम घोषणा नहीं हुई है।