पाटा में महिलाओं पर तलवार से जानलेवा हमला: 10 हजार का इनामी आरोपी जैसलमेर से गिरफ्तार
नौगांवा। पाटा गांव में 22 जुलाई को खेतों पर जा रही महिलाओं पर हथियारों से हमला करने के मामले में नौगांवा थाना पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी वांछित आरोपी अजयपाल उर्फ अज्जू पुत्र स्व. अवतार सिंह (24) निवासी पाटा को जैसलमेर से गिरफ्तार किया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जैसलमेर में छिपा हुआ था। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
नौगांवा थानाधिकारी हरदयाल सिंह ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय दीपक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका और रामगढ़ वृत्ताधिकारी पिंटू कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई थी।
खेतों पर जा रही महिलाओं पर किया था हमला
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को पाटा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद संघर्ष हुआ था। मामले में एक पक्ष की महिला ने नौगांवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह परिवार की अन्य महिलाओं के साथ खेतों पर जा रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से पूर्व नियोजित तरीके से हथियारों से लैस होकर महिलाओं पर हमला कर दिया। हमले में महिलाओं को गंभीर चोटें आई थीं।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कुलदीप को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
जैसलमेर में छिपा था आरोपी
मामले में वांछित अजयपाल की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उसकी तलाश में पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जैसलमेर में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम जैसलमेर पहुंची और दबिश देकर अजयपाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को बीएनएस की धाराओं 115(2), 118(1), 126(2), 189(2), 351(2), 109(1) तथा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी के भाई कुलदीप उर्फ गोलू को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रकरण में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है।