#क्राइम #राज्य-शहर

अलवर में 5 नई आधुनिक बसों को मिली हरी झंडी, 50 बसें चलाने की तैयारी

अलवर। शहरवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने की दिशा में मंगलवार को बड़ा कदम उठाया गया। प्रताप ऑडिटोरियम के पास पांच नई आधुनिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल माध्यम से बसों का उद्घाटन किया, जबकि अलवर में भाजपा अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने बसों को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान नगर निगम आयुक्त लक्ष्मीकांत शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

इन रूटों पर चलेंगी बसें

फिलहाल नई बसों का संचालन भगत तिराहा, स्टेशन रोड, डेहरा शाहपुरा और मंडी मोड़ होते हुए हल्दीना की ओर यूनिवर्सिटी रोड तक किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों की जरूरत और मांग के आधार पर भविष्य में बसों के रूट में बदलाव भी किया जा सकता है। जैसे-जैसे नई बसें अलवर पहुंचेंगी, उन्हें शहर के अलग-अलग मार्गों पर संचालित किया जाएगा।

अलवर में कुल 50 बसें चलाने की योजना

अलवर शहर में कुल 50 आधुनिक बसें संचालित करने की योजना है। फिलहाल पांच बसें पहुंच चुकी हैं और बाकी 45 बसें चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे शहर के अलग-अलग इलाकों को सार्वजनिक परिवहन सुविधा से जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है। प्रशासन का लक्ष्य यात्रियों को सुविधाजनक और बेहतर परिवहन विकल्प उपलब्ध कराना है।

3 किलोमीटर का किराया 15 रुपये

नगर निगम आयुक्त के अनुसार नई बसों में शुरुआती 3 किलोमीटर तक का किराया 15 रुपये रखा गया है। इसके बाद यात्रा की दूरी के आधार पर किराया निर्धारित होगा। बस स्टॉपेज के आसपास अतिक्रमण मिलने पर नगर निगम कार्रवाई करेगा और जरूरत पड़ने पर संबंधित स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा, ताकि बसों के संचालन में किसी तरह की बाधा न आए।

AC बसों में 26 सीटें और खड़े होने की सुविधा

नई बसों में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। बसों में AC की सुविधा, 26 सीटें और खड़े होकर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अलग जगह उपलब्ध है। बस में दो गेट बनाए गए हैं। पहला गेट ड्राइवर के पास आगे की तरफ और दूसरा बीच में है। इससे यात्रियों के चढ़ने और उतरने में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

शहर के परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार

पांच बसों के संचालन की शुरुआत के साथ ही अब अलवर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को विस्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। आने वाले समय में बाकी 45 बसें भी अलग-अलग रूटों पर उतारी जाएंगी। इससे शहर के प्रमुख इलाकों के बीच आवागमन आसान होने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *