#राज्य-शहर

मुकुंदरा टनल में नहीं जा सकेंगे पेट्रोल-गैस वाले वाहन, NHAI ने जारी की एडवाइजरी

कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की मुकुंदरा टनल में सुरक्षा को देखते हुए ज्वलनशील और खतरनाक पदार्थ ले जाने वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने एडवाइजरी जारी कर पेट्रोलियम कंपनियों, टैंकर ऑपरेटरों और लॉजिस्टिक एजेंसियों से नियमों का पालन करने की अपील की है। एलपीजी, गैस, पेट्रोल, डीजल, केमिकल और अन्य आग पकड़ने वाले पदार्थ ले जाने वाले वाहनों को अब वैकल्पिक मार्ग से जाना होगा।

4.9 किलोमीटर लंबी मुकुंदरा टनल में शुरू हुआ ट्रायल रन

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोटा जिले में बनी 4.9 किलोमीटर लंबी मुकुंदरा टनल को ट्रायल रन के तौर पर यातायात के लिए खोला गया है। करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही यह टनल आठ लेन की है और इसमें दो अलग-अलग ट्यूब बनाई गई हैं। फिलहाल एक ट्यूब से एक तरफा यातायात संचालित किया जा रहा है। जल्द ही दूसरी ट्यूब शुरू होने के बाद दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।

इन वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह रोक

NHAI की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार टनल में ऐसे वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिनमें ज्वलनशील या खतरनाक सामग्री ले जाई जा रही है। इनमें एलपीजी सिलेंडर, गैस, पेट्रोल, डीजल, नेप्था, पेट्रोलियम पदार्थ, केमिकल और अन्य आग पकड़ने वाले पदार्थों से भरे टैंकर शामिल हैं। सुरक्षा कारणों से इन वाहनों को टनल के अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी।

SCADA सिस्टम से होगी निगरानी, निर्माण अंतिम चरण में

टनल में प्रतिबंधित वाहनों की पहचान और रोकथाम के लिए SCADA सिस्टम लगाया जा रहा है। हालांकि अभी टनल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और सिस्टम पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है। इसी वजह से कुछ ज्वलनशील पदार्थ ले जाने वाले वाहन टनल में प्रवेश कर रहे थे। इन्हें रोकने के दौरान कई जगह विवाद की स्थिति भी बनी, जिसके बाद NHAI ने यह एडवाइजरी जारी की है।

वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे पेट्रोलियम टैंकर

NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर संदीप अग्रवाल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और आपात परिस्थितियों से बचाव के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है। प्रतिबंधित वाहनों को चेचट इंटरचेंज से एक्सप्रेसवे छोड़कर दरा घाटी के वैकल्पिक मार्ग से गोपालपुरा इंटरचेंज पहुंचना होगा। उन्होंने पेट्रोलियम कंपनियों, टैंकर संचालकों और वाहन चालकों से नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

एक्सप्रेसवे पर इन वाहनों को भी अनुमति नहीं

NHAI ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा कारणों से ट्रैक्टर-ट्रॉली, दोपहिया वाहन और थ्री व्हीलर के संचालन पर भी रोक लगा रखी है। अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे और टनल में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का पालन बेहद जरूरी है।

इसे भी पढ़ें – भीलवाड़ा CI लोकपाल सिंह की इलाज के दौरान मौत, सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने से हुए थे घायल

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *