उदयपुर में मां-बेटी की दोहरी हत्या का खुलासा, मुंह बोले बेटे ने संपत्ति के लालच में की वारदात
संपत्ति और जेवर के लिए रिश्ते का किया कत्ल
उदयपुर जिले के वल्लभनगर थाना क्षेत्र के मुंडोल गांव में हुए मां-बेटी के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में मृतका लूंगा बाई के मुंह बोले बेटे जयमीन उर्फ बंटी देवे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान होकर लूट के इरादे से इस घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने पहले विश्वास जीतकर परिवार में जगह बनाई और बाद में संपत्ति हड़पने की नीयत से मां-बेटी की हत्या कर दी।
घर में मिली थी मां-बेटी की खून से लथपथ लाश
उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन के अनुसार घटना का खुलासा तब हुआ जब लूंगा बाई का गोद लिया बेटा नानालाल गायरी शनिवार सुबह करीब 9 बजे उनके घर पहुंचा। घर का दरवाजा बाहर से बंद था और आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने पड़ोस के मकान की छत से अंदर देखा तो लूंगा बाई बिस्तर पर खून से लथपथ दिखाई दीं। घर में प्रवेश करने पर उनकी बेटी अमरी बाई का शव मुख्य दरवाजे के पास मिला। दोनों के शरीर से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
आरोपी ने एक साल पहले बनाया था भरोसे का रिश्ता
पुलिस जांच में सामने आया कि 70 वर्षीय लूंगा बाई अपने मानसिक रूप से विक्षिप्त बेटी अमरी बाई के साथ अकेली रहती थीं। परिवार में उनके पति और बेटे की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी जयमीन देवे ने करीब एक साल पहले उनके घर आना-जाना शुरू किया। धीरे-धीरे उसने विश्वास हासिल कर खुद को उनका धर्म का बेटा बना लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की नजर उनकी संपत्ति पर थी और वह खुद को भविष्य में कानूनी वारिस बनाना चाहता था।
संपत्ति देने से इनकार पर बनाई हत्या की योजना
पुलिस के मुताबिक जब लूंगा बाई ने अपनी संपत्ति आरोपी के नाम करने से इनकार कर दिया तो उसने उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोपी पहले से भारी कर्ज में डूबा हुआ था और आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। इसी लालच में उसने मां-बेटी की हत्या कर उनके सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। पुलिस के अनुसार आरोपी ने धारदार हथियार से दोनों पर हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
धारदार हथियार से किए कई वार, जेवर लेकर भागा आरोपी
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी ने शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने लूंगा बाई और अमरी बाई के गर्दन और सीने पर कई वार किए, जिससे दोनों की मौत हो गई। इसके बाद वह घर में रखे आभूषण लेकर फरार हो गया। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल से खून के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिली।
FSL और साइबर टीम की मदद से पहुंची पुलिस आरोपी तक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम, डॉग स्क्वायड, मोबाइल अनुसंधान टीम और साइबर विशेषज्ञों को जांच में लगाया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सबूतों और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पूछताछ के दौरान आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है।