रामगढ़ हाईवे पर बस-ट्रक भिड़ंत, 21 यात्री घायल, 9 गंभीर
अलवर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामगढ़ कस्बे के पास भावसिद्ध मंदिर के निकट पुलिया के घुमाव पर सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बस व ट्रक के चालक केबिन में फंस गए।
हादसे के समय बस में करीब 20-25 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी अजीत सिंह बड़सरा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल रामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों चालकों को केबिन से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना पर रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उनकी निगरानी में क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारू किया गया। हालांकि हादसे के कारण करीब एक घंटे तक लंबा जाम लगा रहा।
हरियाणा रोडवेज के परिचालक आनंद प्रकाश ने बताया कि बस अलवर से गुडगांव जा रही थी। रामगढ़ से यात्रियों के बैठने के बाद वह टिकट बना रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ और बस ट्रक से टकरा गई।
डीएसपी पिंटू कुमार के अनुसार हादसे में कुल 21 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 9 की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। ट्रक चालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बस चालक को अपेक्षाकृत मामूली चोट लगी है। सभी घायलों का उपचार जारी है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।