Gen Z से सीएम भजनलाल का बड़ा वादा, बोले- युवाओं के हर सपने को पूरा करेगी सरकार
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के युवाओं को लेकर बड़ा संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार शिक्षा, रोजगार, खेल और स्वरोजगार के क्षेत्र में युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित ‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से सीधा संवाद किया और कहा कि विकसित राजस्थान के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए पेपर लीक रोकने, सरकारी भर्तियों और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी।
युवाओं को बताया विकसित राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा नई सोच, ऊर्जा और नए विचारों से भरपूर होते हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासित, संस्कारवान और मेहनती युवा ही विकसित भारत और विकसित राजस्थान की नींव हैं। सरकार युवाओं के सुझावों को महत्व दे रही है और बजट सहित आगामी योजनाओं में उनके विचारों को शामिल किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे अपने लक्ष्य को लेकर मेहनत करें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
सरकारी नौकरियों में 1.78 लाख से ज्यादा युवाओं को अवसर का दावा
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में 1 लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का काम किया है। उन्होंने बताया कि करीब 51 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जबकि 80 हजार से ज्यादा पदों को भर्ती कैलेंडर में शामिल किया गया है। इसके अलावा करीब 70 हजार नए पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
पेपर लीक पर सख्ती, 410 परीक्षाएं बिना लीक के कराने का दावा
मुख्यमंत्री ने पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पेपर लीक मामलों में कार्रवाई के लिए एसआईटी गठित की गई और अब तक 569 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीएम ने दावा किया कि सरकार ने 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक के सफलतापूर्वक आयोजित की हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
युवाओं को नौकरी लेने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान का युवा केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहे, बल्कि रोजगार देने वाला बने। उन्होंने स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने की बात कही। सीएम के अनुसार राजस्थान स्टार्टअप कार्यक्रम के तहत अब तक 4,623 स्टार्टअप पंजीकृत हुए हैं और 1,062 स्टार्टअप को आई-स्टार्ट फंड के माध्यम से 34 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य कौशल नीति-2025 और युवा नीति के माध्यम से युवाओं को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए योजनाओं पर फोकस
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान के युवा खेल क्षेत्र में भी लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में खेल प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। राजस्थान टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स और नए खेल केंद्रों के माध्यम से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
युवाओं से संवाद कर जानी भविष्य की योजनाएं
‘सपनों की उड़ान’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, खिलाड़ियों, स्टार्टअप संचालकों और माय भारत वॉलंटियर्स से बातचीत की। उन्होंने युवाओं की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के साथ अभिभावक की तरह खड़ी है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान ‘सपनों की उड़ान’ लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया गया।
इसे भी पढ़ें- पेपर लीक पर सियासत तेज, मंत्री अविनाश गहलोत ने राहुल गांधी से पूछा- तब क्यों रहे मौन?