अलवर में स्कूल से 3 छात्र लापता, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग
अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी स्कूल से कक्षा 7 के तीन छात्र लंच ब्रेक के बाद लापता हो गए। यह घटना 22 जुलाई की है। स्कूल प्रशासन द्वारा सूचना मिलने के बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका है।
लापता छात्रों में 13 वर्षीय योगेश प्रजापत (निवासी ढाढोली), उसके सहपाठी उमेश और अक्षय मीणा शामिल हैं। तीनों नेहरू नगर स्थित हरदेव दास उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ते हैं। इनमें से दो छात्र स्कूल के पास ही रहते हैं, जबकि योगेश करीब 12 किलोमीटर दूर से बस के जरिए स्कूल आता था।
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच लंच ब्रेक के बाद तीनों छात्र कक्षा में वापस नहीं लौटे। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चों को बिना निगरानी के परिसर से बाहर जाने दिया गया और समय पर सही जानकारी भी नहीं दी गई।
वहीं, स्कूल निदेशक अनिल शर्मा ने बताया कि दो छात्र रोज की तरह लंच के समय घर जाते थे और संभावना है कि तीसरा छात्र भी उनके साथ चला गया। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में तीनों छात्र स्कूल के पीछे के गेट से बाहर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्कूल प्रशासन पुलिस जांच में सहयोग कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, अन्य छात्रों ने बताया कि तीनों खाटूश्यामजी जाने की बात कर रहे थे। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
एनईबी थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बच्चों की तलाश के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
इसे भी पढ़ें -पेपर लीक पर टीकाराम जूली का हमला: 12 साल में 150 केस, सजा क्यों नहीं? , आज मोदी जी की नींद टूटी है